बिहार चुनाव 2025: पहले चरण का प्रचार थमा, 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान

पहले चरण में होगी 121 सीटों पर वोटिंग

पटना। देश में मौसम तो वैसे धीरे-धीरे ठंडा हो रहा है लेकिन बिहार में चुनाव की गर्मी बढ़ रही है। बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को है। मंगलवार 4 नवंबर को शाम 5 बजे पहले चरण का चुनाव प्रचार थम गया है। पहले चरण के चुनाव में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होना है। इनमें कई सीटों पर सीधी टक्‍कर है।

पहले चरण के चुनाव में कई बड़े नेताओं व चर्चित फेस की किस्‍मत ईवीएम में बंद होगी। जिनमें विपक्ष के नेता आरजेडी के राघोपुर सीट से प्रत्‍याशी तेजस्‍वी यादव, तारापुर सीट से एनडीए के डिप्‍टी सीएम सम्राट चौधरी, लखीसराय सीट से एनडीए के डिप्‍टी सीएम विजय सिन्‍हा, छपरा सीट से भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव, सीवान सीट से एनडीए के कैबिनेट मंत्री मंगल पांडे, आरजेडी के रघुनाथपुर सीट से ओसामा शहाब,मोकामा सीट से आरजेडी की वीणा देवी व अन्‍य नेताओं की किस्‍मत ईवीएम में बंद होगी। पहले चरण में दो डिप्‍टी सीएम व 15 मंत्री मैदान में हैं।

18 जिले, 121 सीटों पर मतदान

बिहार में 6 नवंबर को 18 जिले में 121 सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें 102 सामान्‍य सीट व 19 आरक्षित सीट हैं। पहले चरण में कुल 1314 प्रत्‍याशी मैदान में हैं।

इन जिलों में होगा मतदान

गोपालगंज जिले की 6 सीट, सीवान की 8 सीट, सारण की 10 सीट, बक्‍सर की 4 सीट, भोजपुर की 7 सीट, पटना की 14 सीट, वैशाली की 8 सीट, मुजफ्फरपुर की 11 सीट, दरभंगा की 8 सीट, समस्‍तीपुर की 10 सीट, नालंदा की 7 सीट, शेखपुरा की 2 सीट, लखीसराय की 2 सीट, वेगूसराय की 7 सीट, मुंगेर की 3 सीट, खगडि़या की 4 सीट, सहरसा की 4 सीट, मघेपुरा की 4 सीट में मतदान होगा।

मैदान में इन पार्टियों के उम्‍मीदवार

मैदान में जेडीयू के 57, बीजेपी के 48 उम्‍मीदवार।
आरजेडी के 71, कांग्रेस के 24, सीपीआइ-एमएल के 14 उम्‍मीदवार।
सीपीआइ के 5, सीपीएम के 3 आइआइपी के 3 , जनसुराज के 118 उम्‍मीदवार।

विवादित बोल

वहीं चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के विवादित बोल भी सामने आ रहे हैं जिसको लेकर चुनाव आयोग सख्‍त है। इसी तरह के एक मामले में चुनाव आयोग ने विवादित वीडियो के कारण केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को नोटिस दिया और केस दर्ज किया है।

नेताओं ने की चुनावी सभा

पहले चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन गयाजी में भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने रोड शो किया। जेपी नड्डा ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बिहार में सीएम की वैकेंसी नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री अमितशाह ने भी चुनावी सभाओं की संबोधित किया। वहीं यूपी के सीएम योगी ने दरभंगा में रोड शो किया और आमसभा को संबोधित किया। महागठबंधन के नेता और सांसद राहुल गांधी ने वजीरगंज, कुटुंबा में चुनाव प्रचार किया। तेजस्‍वी यादव ने भी कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। कई बड़े नेताओं ने पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार किया। चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम 5 बजे थम गया।

जुबानीजंग भी चली

बिहार चुनाव में जुबानीजंग भी खूब चल रही है। छपरा से आरजेडी के प्रत्‍याशी खेसारीलाल यादव ने राममंदिर पर सवाल उठाए। जिसके लेकर भोजपुरी अभिनेता से नेता बने बीजेपी के पवन सिंह, निरूहुआ ने पलटवार किया। मंदिर मुद्दे पर भोजपुरी स्‍टार्स में आपस में ही जुबानीजंग तेज हो गई है। वहीं जुबानी जंग में तेज प्रताप यादव भी पीछे नहीं हैं। उन्‍होंने अपने भाई तेजस्‍वी यादव को बच्‍चा कहा।

जदयू का नया पोस्‍टर जारी

विपक्ष यह कह रहा है कि यदि बीजेपी जीती तो नीतीश कुमार को सीएम नहीं बनाएगी। वहीं इसको लेकर जदयू ने बिहार में नीतीश कुमार का नया पोस्‍टर जारी किया है जिसमें लिखा है कि 25-30 जनसेवक। यानि कि पोस्‍टर में यह दिखाया है कि 2025 से 2030 तक बिहार के सीएम नीतीश कुमार जनसेवक।

तेजस्‍वी यादव ने की घोषणा

महागठबंधन में सीएम फेस तेजस्‍वी यादव ने पहले चरण के मतदान के पहले फिर एक घोषणा करते हुए कहा कि यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो महिलाओं के खाते में एक साल की राशि तीस हजार रूपए सीधे जमा की जाएगी।

Back to top button