बिहार विधानसभा चुनाव एग्जिट पोल- एनडीए को बढ़त, महागठबंधन पिछड़ा, जनसुराज बेअसर

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को संपन्न होते ही एग्जिट पोल के प्रारंभिक नतीजे सार्वजनिक होने लगे। एग्जिट पोल सर्वे में एनडीए को बढ़त दिखाई है। यह एग्जिट पोल सर्वे के आधार पर तैयार है और अभी यह अंतिम परिणाम नहीं बताती। अंतिम निर्णय केवल आधिकारिक मतगणना के बाद ही संभव होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। बिहार में 243 विधानसभा क्षेत्रों में दो चरणों में मतदान हुआ है।

एग्जिट पोल में स्थिति

पीपुल्स प्लस के अनुसार एनडीए को 133-159, महागठबंधन को 75-101, जेएसपी 0-5, अन्य 2-8, एआइएमआइएम को 2-3 सीट मिलने का अनुमान दिया गया है।

पीपुल्स इनसाइट: एनडीए 133-148, महागठबंधन 87-102, जेएसपी 0-2, एआइएमआइएम 2-3, अन्य 1-2 सीट मिलने का अनुमान।

भास्कर रिपोर्टर्स पोल: एनडीए 145-160, महागठबंधन 73-91, अन्य 5-10 सीट मिलने का अनुमान।

मैट्रीज: 147-167, महागठबंधन 70-90, जनसुराज 0-2, एआइएमआइएम 2-3, अन्य 0-2 सीट मिलने का अनुमान।

चाणक्य स्ट्रेटेजीस: एनडीए 130-138, महागठबंधन 100-108, अन्य 3-5 सीट मिलने का अनुमान।

एग्जिट पोलों का सार

विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोलों के अनुसार एनडीए गठबंधन की स्थिति मजबूत दिख रही है। एनडीए के प्रमुख दलों — जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी आर) के साथ-साथ उपेंद्र कुशवाहा एवं जीतन राम मांझी की पार्टियाँ — कई सीटों पर बढ़त पर दिखाई दे रही हैं। एग्जिट पोलों में जेडीयू व भाजपा के उम्मीदवारों को महागठबंधन के कई प्रतिस्पर्धी सीटों पर अग्रिम रुझान दिखा है।

महिला वोट बड़ा फैक्टर

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार एनडीए की बढ़त महिलाओं के बढ़े हुए वोट प्रतिशत के कारण हो सकती है। महिला वोट जेडीयू के खाते में अधिक जा सकता है।

यह केवल एक संकेत

विशेषज्ञ एग्जिट पोल के आंकड़ों को एक संकेत मानते हैं, न कि अंतिम सत्य। एग्जिट पोल सर्वेक्षण नमूने के आधार पर तैयार होते हैं और इनमें मार्जिन ऑफ एरर संभव रहता है। अधिकांश विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि जब तक आधिकारिक मतगणना नहीं हो जाती, तब तक किसी भी तरह के दावों को निर्णायक मानना अनुचित होगा।

एग्जिट पोल केवल संभावित रुझान

एग्जिट पोल जनता के मूड और संभावित रुझान दिखाते हैं और आज के सर्वे ने एनडीए को कई हिस्सों में बढ़त दर्शाई है। फिर भी, चुनाव के अंतिम परिणाम के लिए आधिकारिक मतगणना का इंतजार आवश्यक है। यह खबर शाम 6 बजे पोर्टल पर प्रकाशित की जा रही है — पाठकों से निवेदन है कि आधिकारिक परिणाम आने तक एग्जिट पोल को एक संभावित संकेत के रूप में ही देखें।

Back to top button