दमोह में व्‍यारमा नदी उफान पर, जबलपुर- रहली- सागर मार्ग का पुल बहा, वीडियो में देखें हालात

जिले में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात

दमोह। दमोह जिले में भारी बारिश का कहर जारी है। व्यारमा नदी उफान पर है। इसके किनारे बसे कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। पानी गांवों में घुस चुका है और लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

विदित हो कि दमोह-पन्‍ना मार्ग पर गैसाबाद के समीप व्‍यारमा नदी पर पुल जर्जर होने के कारण मंगलवार को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था। वहीं दूसरी ओर जबलपुर-रहली-सागर मार्ग पर झापन के समीप बना पुल बहने से जबलपुर-सागर मार्ग बंद हो गया है।

200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

अब तक प्रशासन ने 200 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इस वर्ष जिले में 29 इंच बारिश हो चुकी है। यह पिछले साल की तुलना में 11 इंच अधिक है।

रातभर बारिश से नदी-नाले उफान पर

मंगलवार की रातभर बारिश हुई। इसका असर पूरे जिले पर दिखा। नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। कई सड़कों पर पानी भर गया है और गांवों का संपर्क टूट गया है।

दमोह के गैसाबाद में व्‍यारमा नदी का जल स्‍तर लगातार बढ़ रहा है। फोटो: जिमी नगरिया

दमोह ब्लॉक के गांवों में पानी घरों तक

दमोह ब्लॉक के अंतरा, कनिया घाट और पटी गांवों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। कई परिवारों का सामान पानी में बह गया। हटा ब्लॉक के कुंवरपुर, हरदुआ और सेमरी मार्ग पर भी पानी भरा है। खेतों में पानी भरने से फसलें प्रभावित हो रही हैं।

जबलपुर सागर मार्ग में पुल बहा
जबलपुर-रहली-सागर मार्ग में झापन के समीप व्‍यारमा नदी का पुल बहा।

अन्य गांवों में भी हालत गंभीर

रनेह थाना क्षेत्र के इमलिया गांव की भी स्थिति गंभीर है। वहीं पटेरा ब्लॉक के बिला खुर्द गांव में भी बारिश का पानी भर गया है। यहां के लोग राहत की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रहे हैं।

हाईवे का पुल क्षतिग्रस्त, मार्ग बंद

जबलपुर-सागर हाईवे पर तेंदूखेड़ा के झापन के पास पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। तेज बहाव के कारण पुल के टूटने से इस मार्ग का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।

गैसाबाद में पुराना पुल जर्जर घोषित होने के बाद यहां बेरिकेट लगा दिए गए हैं।

प्रशासन सतर्क, कंट्रोल रूम नंबर जारी

कलेक्टर सुधीर कोचर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से व्यारमा नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित रहें और नदी किनारे ना जाएं।

आपात स्थिति में संपर्क करें

किसी भी आपात स्थिति में 07812350300 नंबर पर कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हुई हैं।

ADM करेंगी दौरा, रिपोर्ट कलेक्टर को

बुधवार को एडीएम मीना मसराम दमोह के गोपालपुर, धनघोर कला, बिसना खेड़ी और सर्रा गांव का निरीक्षण करेंगी। वे वहां की स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को सौंपेंगी।

प्रशासन की निगरानी जारी

प्रशासन का दावा है कि सभी प्रभावित गांवों पर नजर रखी जा रही है। ज़रूरतमंदों को राहत पहुंचाई जा रही है। लोगों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

रिपोर्ट: कैलाश दुबे

Back to top button