Dhanteras 2025: दमक उठे बाजार, जमकर हुई धनवर्षा, दीपोत्सव की रोशनी में नहाया शहर

जबलपुर। शनिवार को धनतेरस के साथ दीपोत्सव की शुरुआत ने पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना दिया। सुबह से ही बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। सराफा बाजार, बर्तन बाजार, सदर, गोरखपुर, अधारताल और गढ़ा बाजार जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में रौनक देखते ही बन रही थी। गलियां और चौराहे ग्राहकों से पटे रहे, दुकानों पर लंबी-लंबी कतारें नजर आईं और वाहनों की चहल-पहल ने पूरे शहर को जीवंत कर दिया।

सराफा बाजार में उमड़ी पारंपरिक खरीदारी की भीड़

धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है, इसी परंपरा को निभाते हुए लोगों ने सराफा बाजार में जमकर खरीदारी की। सुबह से लेकर देर रात तक सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। पारंपरिक गहनों के साथ-साथ आधुनिक डिज़ाइन के आभूषणों की भी खूब मांग रही। दुकानदारों ने बताया कि इस बार बिक्री में पिछले साल की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। कई दुकानों में तो ग्राहकों को प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा। शुभ मुहूर्त ने सोना-चांदी के भाव बढ़ने के असर के बेअसर कर दिया था।

धनतेरस की शाम को बड़ा फुहारा पर जबरदस्‍त भीड़ देखी गई।

बर्तन और गृह उपयोगी वस्तुओं की दुकानों पर भीड़

धनतेरस पर बर्तन खरीदना भी शुभ माना जाता है। शहर के बर्तन बाजारों में तांबे, पीतल, स्टील और नॉन-स्टिक बर्तनों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। दुकानों को त्योहारी थीम से सजाया गया था, जिससे ग्राहकों को आकर्षित किया जा सके। कई दुकानदारों ने विशेष ऑफर्स और पैकेज भी निकाले, जिसका ग्राहकों ने उत्साहपूर्वक लाभ उठाया। गृहिणियों में नए किचन सेट और सजावटी बर्तनों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

वाहन एजेंसियों पर दिखा आधुनिक खरीदारी का जोश

धनतेरस पर इस बार पारंपरिक खरीदारी के साथ आधुनिकता का रंग भी देखने को मिला। शहर की चार पहिया और दो पहिया वाहनों की एजेंसियों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगने लगी। लोग अपने पसंदीदा ब्रांड और मॉडल की गाड़ियों को देखने, सर्च करने और बुकिंग करने पहुंचे। कई एजेंसियों ने धनतेरस पर विशेष छूट और आकर्षक ऑफर्स दिए, जिसके चलते दिनभर बुकिंग का सिलसिला जारी रहा। शाम होते-होते शहर की सड़कों पर नई गाड़ियों की डिलीवरी से उत्सव का माहौल और भी रोशन हो गया।

रोशनी और सजावट से खिला शहर

दीपोत्सव की शुरुआत के साथ ही जबलपुर की सड़कों, गलियों और बाजारों को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से सजाया गया था। दुकानों पर लगे झालर और दीपों की झिलमिलाहट ने पूरे माहौल को दिव्यता से भर दिया। जैसे-जैसे शाम ढली, बाजारों में दीपों की रोशनी से ऐसा लगने लगा मानो पूरा शहर दीपावली का स्वागत कर रहा हो। भीड़भाड़ के बावजूद लोगों के चेहरों पर त्योहारी उल्लास और खरीदारी की खुशी साफ झलक रही थी।

व्यापारियों को मिली शानदार बिक्री

शहर के व्यापारियों ने बताया कि इस बार धनतेरस पर बिक्री के सारे पुराने रिकॉर्ड टूट गए हैं। पारंपरिक गहनों, बर्तनों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, सजावटी सामग्री और वाहनों तक, हर सेक्टर में बिक्री में उल्लेखनीय उछाल देखने को मिला। व्यापारी वर्ग के अनुसार, त्योहार से पहले ही ग्राहकों की बुकिंग और पूछताछ शुरू हो गई थी, जिसका असर धनतेरस के दिन पूरे जोश के साथ देखने को मिला।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी रौनक

धनतेरस के साथ दीपोत्सव की शुरुआत ने शहर को उत्सव की रोशनी में नहला दिया है। दीपावली तक यही रौनक और उल्लास बने रहने की उम्मीद है। शहरवासी जहां खरीदारी में जुटे हैं, वहीं व्यापारी भी तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ रहे। पारंपरिक आस्था और आधुनिकता के संगम ने जबलपुर के बाजारों को इस बार और भी खास बना दिया है।

Back to top button