
जबलपुर। लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली कंपनी ने कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के ऐसे इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद की गई, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिल की राशि बकाया थी। कार्रवाई के बाद अब कंपनी ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बकाया बिल किस्तों में जमा करने का अवसर दिया है।
बिजली कंपनी ने 31 अगस्त को बकाया वसूली अभियान के तहत शहर के चिन्हित क्षेत्रों में 12 ट्रांसफार्मर और एलटी सर्किट बंद किए थे। इससे जुड़े इलाकों में 2 हजार से अधिक बिजली कनेक्शन प्रभावित हुए। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कई उपभोक्ताओं को पहले भी बकाया राशि जमा करने के लिए समय दिया गया था।
इन क्षेत्रों में हुई थी कार्रवाई
बकाया वसूली के लिए गुरंदी के मछली मार्केट क्षेत्र, मदारटेकड़ी के टेड़ीनीम, भरतीपुर चर्च के आसपास, मोहनिया के सामुदायिक भवन क्षेत्र, विजयनगर संभाग के प्रभात नगर और चमन नगर, ललपुर के समीप शिवराजपुर, भिटौली तथा उजारपुरवा सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई थी।
कंपनी ने इन क्षेत्रों में बकाया राशि की स्थिति को देखते हुए ट्रांसफार्मर और एलटी सर्किट बंद कर बिजली आपूर्ति रोकी थी। इसका उद्देश्य लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली करना था।
70 से 80 फीसदी उपभोक्ता नहीं कर रहे थे भुगतान
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों में करीब 70 से 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल का नियमित भुगतान नहीं किया जा रहा था। विभाग की ओर से भुगतान के लिए लगातार अवसर दिए गए, लेकिन बकाया जमा नहीं होने पर कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई करनी पड़ी।
अब बिजली कंपनी ने प्रभावित उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए संबंधित क्षेत्रों में शिविर लगाए हैं। इन शिविरों में उपभोक्ता अपनी बकाया राशि किस्तों में जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
लोक अदालत से पहले मामलों के निपटारे का मौका
शिविरों में सामान्य बिजली बिल जमा करने के साथ ही बिजली चोरी और अन्य विद्युत प्रकरणों से जुड़े मामलों में भी आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। लोक अदालत से पहले पात्र मामलों में बिल संशोधन और प्रकरणों के निराकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
बिजली अधिकारियों ने स्थानीय पार्षदों और नागरिकों से अपील की है कि वे शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक बकायादार उपभोक्ताओं तक पहुंचाएं, ताकि लंबित मामलों का समय रहते समाधान हो सके।
विजिलेंस मामलों में भी सख्ती
बिजली चोरी से जुड़े पुराने विजिलेंस मामलों में लंबित राशि की वसूली को लेकर भी कंपनी ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों के अनुसार कुछ मामलों में विशेष न्यायालय द्वारा संबंधित लोगों के गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं। इन वारंटों की तामील पुलिस के सहयोग से कराई जाएगी।
अधिकारियों ने वारंट जारी हो चुके लोगों से लोक अदालत से पहले बकाया राशि जमा करने की अपील की है। भुगतान नहीं करने पर संबंधित लोगों को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा सकती है।
भुगतान नहीं किया तो फिर होगी कार्रवाई
बिजली कंपनी का कहना है कि फिलहाल उपभोक्ताओं को बकाया राशि चुकाने का अवसर दिया जा रहा है। किस्तों में भुगतान की सुविधा का लाभ लेकर उपभोक्ता अपने लंबित बिल का निपटारा कर सकते हैं। कंपनी ने संकेत दिया है कि इसके बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ दोबारा कनेक्शन काटने समेत अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।