कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव का खाका तैयार, कक्षा प्रतिनिधियों के चुनाव से शुरू होगी प्रक्रिया

विद्यार्थी पहले सीआर चुनेंगे, इसके बाद कॉलेज अध्यक्ष और विश्वविद्यालय पदों के प्रतिनिधियों का चयन करेंगे

जबलपुर। मध्यप्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लंबे अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। चुनाव की प्रक्रिया को लेकर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा गठित समिति ने प्रारंभिक स्तर पर व्यवस्था का स्वरूप तैयार कर लिया है। प्रस्तावित मॉडल में विद्यार्थियों को सीधे कॉलेज अध्यक्ष चुनने के बजाय पहले अपनी-अपनी कक्षाओं के प्रतिनिधि चुनने होंगे।

कक्षा प्रतिनिधियों के चुनाव से शुरू होगी प्रक्रिया

चुनाव के पहले चरण में विद्यार्थियों द्वारा मतदान कर कक्षा प्रतिनिधि यानी सीआर का निर्वाचन किया जाएगा। इसके बाद निर्वाचित सीआर कॉलेज अध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न पदों के लिए प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की तैयारी की जा रही है।

चुनाव कार्यक्रम से पहले परीक्षाओं का होगा आकलन

चुनाव की तारीख घोषित करने से पहले प्रदेश के विश्वविद्यालयों में होने वाली परीक्षाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों से परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी मांगी है। इसका उद्देश्य ऐसी तारीख निर्धारित करना है, जिससे चुनावी गतिविधियों के कारण परीक्षाएं और शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हों।

25 सितंबर तक समिति देगी अपनी रिपोर्ट

छात्रसंघ चुनाव के नियम, प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं का प्रारूप तैयार करने के लिए छह सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति को गठन के 15 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को सौंपनी है। रिपोर्ट प्रस्तुत करने की निर्धारित समय सीमा 25 सितंबर है।

समिति में शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, जबलपुर के प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी के अलावा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलगुरु और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

विद्यार्थियों और संस्थानों के सुझाव भी शामिल

चुनाव व्यवस्था तैयार करने से पहले छात्र संगठनों और शिक्षण संस्थानों से सुझाव लिए गए हैं। समिति की बैठक में इन सुझावों पर चर्चा कर चुनाव में विद्यार्थियों की भागीदारी और पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया।

सितंबर में गठन का लक्ष्य

उच्च शिक्षा विभाग के अकादमिक कैलेंडर में सितंबर माह के दौरान छात्रसंघ गठन का प्रावधान किया गया है। ऐसे में अब समिति की रिपोर्ट और विश्वविद्यालयों के परीक्षा कार्यक्रम के आधार पर चुनाव की आगे की प्रक्रिया तय किए जाने की संभावना है।

क्या कहते हैं क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक

क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, जबलपुर संभाग प्रो. अल्केश चतुर्वेदी ने कहा, “छात्रसंघ चुनाव को लेकर बैठक में छात्र संगठनों और शिक्षण संस्थानों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई है। फिलहाल प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालयों से परीक्षाओं की स्थिति की जानकारी ली जा रही है, ताकि चुनाव प्रक्रिया को सुविधाजनक तरीके से कराया जा सके।”