जबलपुर की बंद टेलीकॉम फैक्ट्री में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण की संभावनाएं तलाशे केंद्र सरकार – फेडरेशन

प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्यमंत्री श्री जितिन प्रसाद से की भेंट

जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने आज नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से भेंट की।

टेलीकॉम फैक्ट्री परिसर के उपयोग का प्रस्ताव

फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने मंत्री महोदय को जबलपुर में लंबे समय से बंद पड़ी बीएसएनएल की टेलीकॉम फैक्ट्री की भूमि एवं उपलब्ध औद्योगिक अधोसंरचना का उपयोग करते हुए सेमीकंडक्टर चिप निर्माण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग उद्योग स्थापित करने का प्रस्ताव दिया।

हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर में उपलब्ध दोनों टेलीकॉम फैक्ट्री परिसरों की भूमि एवं अधोसंरचना का तकनीकी एवं आर्थिक मूल्यांकन कर एक परिसर को सेमीकंडक्टर चिप निर्माण यूनिट तथा दूसरे को एमएसएमई आधारित टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा सकता है।

संयुक्त निरीक्षण और व्यवहार्यता अध्ययन की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार, बीएसएनएल, दूरसंचार विभाग एवं मध्यप्रदेश शासन के समन्वय से परिसरों का संयुक्त निरीक्षण, व्यवहार्यता अध्ययन एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कराने का आग्रह किया। प्रस्तावित क्लस्टर में टेलीकॉम उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, शोध एवं अनुसंधान, स्टार्टअप एवं कौशल विकास जैसी गतिविधियों को भी जोड़ा जा सकता है।

उच्च तकनीक आधारित उद्योगों के विकास का अवसर

इस अवसर पर हिमांशु खरे ने कहा कि बंद पड़ी इन औद्योगिक परिसंपत्तियों का पुनर्विकास जबलपुर में उच्च तकनीक आधारित उद्योग, निवेश, रोजगार एवं एमएसएमई विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर बन सकता है।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में पैकेजिंग और कौशल विकास की संभावनाएं

केंद्रीय मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने उक्त प्रस्ताव को ध्यानपूर्वक समझा एवं बताया कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अनेकों उत्पाद बनाए जा सकते हैं तथा पैकेजिंग की भी असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में कौशल विकास तथा ट्रेनिंग की भी प्रचुर संभावनाएं हैं जिसे जबलपुर में लाया जा सकता है।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष हिमांशु खरे, उपाध्यक्ष जयदेव ताम्रकर एवं सचिव प्रवीण आचार्य सम्मिलित थे।