
जबलपुर। हर घर में महिलाओं का स्वस्थ और प्रसन्न रहना उतना ही आवश्यक है जितना पृथ्वी पर हवा और पानी का रहना। घरेलू महिला घर के सभी कामकाज करने के साथ ही घर के हर सदस्य का पूरा ख्याल रखती हैं। जीवन में योग, प्राणायाम और ध्यान के साथ पोषक तत्वों से भरपूर आहार का बहुत बड़ा योगदान है। हर फल, सब्जी और मसालों को उचित मात्रा में लेने मात्र से ही बहुत सारी बीमारियां नहीं होतीं। नियमित व्यायाम और उचित आहार ही शरीर में रक्तचाप और शर्करा को नियंत्रित करता है। व्यवस्थित दिनचर्या से जीवन सुखमय होता है।
उक्त उद्गार श्रीमती प्रतिभा भापकर, पार्षद चेरीताल वार्ड ने सरस्वती कॉलोनी स्थित कान्यकुब्ज सभा भवन, चेरीताल में 4 एवं 5 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आयोजित जड़ी-बूटी दिवस एवं सावन मेला के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए।

स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला स्वरोजगार का संगम
सावन मेला में स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला स्वरोजगार का सुंदर संगम देखने को मिला। मेले में कबाड़ से निर्मित आकर्षक गमले, हस्तनिर्मित बैग, भगवान जी की सुंदर पोशाकें, इको-फ्रेंडली पेन, सजावटी हस्तशिल्प, गृह उद्योग उत्पाद, राखियां, रुमाल, मेहंदी, टैरो रीडिंग तथा विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने मेले का अवलोकन कर हस्तनिर्मित एवं स्वदेशी उत्पादों की सराहना की।
अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम की मुख्य विशिष्ट अतिथि प्रतिभा भापकर (पार्षद, चेरीताल) रहीं। उनके साथ नेहा/अतुल जैन, पूर्व राज्य प्रभारी ज्योति दुबे एवं संरक्षिका सुशीला वर्मा तथा कल्पना तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
राजुल बड़कुल दीदी के मार्गदर्शन में आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रभारी राजुल बड़कुल दीदी के मार्गदर्शन में हो रहा है। इस अवसर पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में योग कक्षा की सभी बहनों का सराहनीय सहयोग रहा।
संगीता ब्यौहार एवं रेखा खरे ने किया संचालन
कार्यक्रम का संचालन संगीता ब्यौहार एवं रेखा खरे ने किया। अंत में जिला प्रभारी राजुल बड़कुल दीदी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। मेला आज भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट: विध्येश भापकर