
जबलपुर। कदम संस्था के 30वें वर्ष के उपलक्ष्य में 20 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर रोटरी क्लब संस्कारधानी जबलपुर एवं श्री सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक शाला नरसिंह मंदिर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम विद्यालय के प्रेक्षागृह में प्रातः 10:30 बजे संपन्न हुआ।

दीप प्रज्वलन कर हुआ शुभारंभ
शिविर का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कदम संस्था के संस्थापक योगेश गनौरे एवं जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. आई.के. खन्ना उपस्थित रहे। इस अवसर पर रोटरी क्लब संस्कारधानी के अध्यक्ष अरुण गुप्ता, विद्यालय के व्यवस्थापक विवेक चौधरी, प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र पांडे एवं प्राचार्या विनीता यादव भी मौजूद रहीं। सभी अतिथियों का तिलक एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया।
30 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियां
डॉ. शैलेंद्र पांडे ने कदम संस्था के 30 वर्षों के सफर और सांस्कृतिक क्षेत्र में उसकी उपलब्धियों को साझा किया। रोटरी क्लब अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने कहा कि बच्चों को लोक संस्कृति से जोड़ना अत्यंत सराहनीय कार्य है। डॉ. आई.के. खन्ना ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
संस्कृति और संस्कार पर जोर
प्राचार्या विनीता यादव ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास कला और संस्कृति से जुड़कर ही संभव है। वहीं संस्थापक योगेश गनौरे ने बताया कि वर्ष 1996 से संस्था हजारों बच्चों को लोक संस्कृति से जोड़ रही है और देशभर में अहीर लोक नृत्य के माध्यम से पहचान बना चुकी है।
गीत-संगीत से सजा कार्यक्रम
कार्यक्रम में रोहित शर्मा, ऋषभ भट्ट, सुरेंद्र चौधरी, प्रियांश दीवान एवं गुरुकांत दीक्षित द्वारा प्रार्थना गीत एवं कदम गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पहले दिन 125 बच्चों का पंजीयन
शिविर के पहले दिन 125 बच्चों ने पंजीयन कराया। शिविर में लोक नृत्य, अभिनय, संगीत, फाइन आर्ट, कैलीग्राफी, पेंटिंग, मेहंदी, स्पोकन इंग्लिश, योगा, एरोबिक्स, मार्शल आर्ट, बॉक्सिंग, उपशास्त्रीय नृत्य एवं गीता पठन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 7 मई 2026 से प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगा।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कृष्णकांत दीक्षित ने किया तथा आभार प्रदर्शन इंजीनियर आकाश चौरसिया ने किया।