केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबर: महंगाई भत्ता 3% बढ़ा, दीपावली से पहले तोहफा

नई दिल्ली। दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात दी है। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 3 प्रतिशत बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है।

1 जुलाई से लागू होगा निर्णय

सरकार ने यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2025 से लागू करने का फैसला किया है। इसके साथ ही कर्मचारियों को तीन माह का एरियर भी दिया जाएगा। इस फैसले से देशभर के लगभग 49.2 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और लाखों पेंशनर्स को फायदा मिलेगा।

गौरतलब है कि इससे छह माह पहले केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। लगातार हो रही यह बढ़ोतरी कर्मचारियों के वेतन और पेंशन पर राहत लेकर आई है।

कर्मचारियों और पेंशनर्स में खुशी

सरकार के इस निर्णय से केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स में खुशी की लहर है। कर्मचारियों का कहना है कि इस फैसले से वे अपने त्योहार को और बेहतर तरीके से मना सकेंगे। वहीं पेंशनर्स ने भी सरकार का आभार जताते हुए कहा कि महंगाई के दौर में यह निर्णय राहतभरा है।

बाजार पर भी होगा असर

विशेषज्ञों का मानना है कि दीपावली के ठीक पहले महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी से बाजार पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा। कर्मचारियों की आय बढ़ने से बाजार में नकदी का प्रवाह बढ़ेगा और लोग ज्यादा खरीदारी करेंगे। इससे व्यापार को भी बूस्ट मिलेगा।

जीएसटी दरों में हालिया संशोधन के बाद से ही मार्केट में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। अब कर्मचारियों की जेब में अतिरिक्त राशि पहुंचने से त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, वस्त्र और स्वदेशी उत्पादों की बिक्री में उछाल आने की संभावना है।

सरकार के प्रयास और असर

सरकार का यह निर्णय न केवल कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए लाभकारी है बल्कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। स्वदेशी उत्पादों की मांग बढ़ेगी और व्यापार जगत को नई ऊर्जा मिलेगी।

त्योहारी सीजन में केंद्र सरकार की इस सौगात से न केवल आम कर्मचारियों की खुशियां बढ़ेंगी बल्कि बाजार भी रौनक से भर जाएगा।

Back to top button