
जबलपुर। खितौला में हुई बैंक डकैती के मुख्य आरोपी सुनील पासवान को पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बिहार के गया से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य का 750 ग्राम सोना भी बरामद किया है। मामले का खुलासा पुलिस ने पत्रकारवार्ता में किया।
विशेष टीम ने गया से दबोचा आरोपी
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि खितौला स्थित इसाफ बैंक में 11 अगस्त 2025 को डकैती की वारदात हुई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की थी। वारदात के चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी सुनील पासवान लगातार फरार था। हाल ही में विशेष टीम बिहार के गया पहुंची, जहां एसटीएफ बिहार के निरीक्षक दीपक कुमार के सहयोग से ग्राम तिलैया स्थित एक मकान से उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में हुआ सोने के बंटवारे का खुलासा
पूछताछ के दौरान सुनील पासवान ने बैंक डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि डकैती के बाद उसके हिस्से में करीब डेढ़ किलोग्राम सोना आया था। इसमें से 750 ग्राम सोना उसने अपने परिचित चंचल पासवान को 45 लाख रुपये में बेच दिया था।
चंचल पासवान से बरामद हुआ सोना
पुलिस ने चंचल पासवान से पूछताछ की, जिसने बताया कि उसने सोना मनोज सोनी के पास सुरक्षित रखवा दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 750 ग्राम सोना बरामद कर लिया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और डकैती से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।