
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। विश्व तेंदुआ दिवस के अवसर पर दक्षिण पन्ना वनमण्डल में एक अनोखी और सराहनीय रेस्क्यू कार्रवाई देखने को मिली। अमानगंज बफर रेंज के समीप पवई रेंज अंतर्गत हिनौती गांव में एक तेंदुआ संकरे पाइप में फंस गया, जिसे वन विभाग की टीम ने सूझबूझ और तकनीकी प्रयासों से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कुत्ते का पीछा करते हुए पाइप में घुसा तेंदुआ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुआ एक आवारा कुत्ते का पीछा करते हुए गांव में पहुंचा और इसी दौरान वह एक संकरे पाइप में जा घुसा। स्थिति को भांपते हुए ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए पाइप के दोनों सिरों को पत्थरों से बंद कर दिया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
रेस्क्यू टीम ने अपनाई रणनीतिक तकनीक
सूचना मिलते ही दक्षिण पन्ना वनमण्डल का मैदानी अमला एवं पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने पाइप के एक सिरे पर ट्रैप केज लगाया, जबकि दूसरे सिरे को पूरी तरह बंद कर दिया गया। तेंदुए को सुरक्षित दिशा में ले जाने के लिए पानी का प्रवाह, कांटेदार झाड़ियों और अन्य उपाय अपनाए गए।
सबसे अहम चरण में पाइप के व्यास के अनुरूप टायरों को आपस में बांधकर रस्सियों की मदद से धीरे-धीरे अंदर बढ़ाया गया। इस तकनीक से तेंदुआ नियंत्रित तरीके से केज की ओर बढ़ा और अंततः सुरक्षित रूप से पकड़ में आ गया।
स्वस्थ मिलने पर जंगल में छोड़ा गया
रेस्क्यू के बाद वन्यप्राणी चिकित्सकों द्वारा तेंदुए का परीक्षण किया गया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वन अमले और टीम का सराहनीय योगदान
पूरी कार्रवाई पवई रेंज ऑफिसर नितेश पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान परिक्षेत्र सहायक बी.के. खरे, वनरक्षक रामजी गर्ग, मनीष वर्मा, सचेंद्र मोहन, दिनेश राठौर, सतेंद्र भदौरिया, मनीष यादव, राहुल पटेल, गायत्री सिंह एवं चालक राजेंद्र खटीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता के नेतृत्व में पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम—उदयमणि सिंह परिहार, अरविंद रैकवार, तफसील खान और अर्जुल पाल—का भी विशेष सहयोग मिला। भीड़ नियंत्रण के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
वन्यजीव संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण
यह सफल रेस्क्यू न केवल वन विभाग की तत्परता और कुशलता को दर्शाता है, बल्कि मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व का भी एक सकारात्मक संदेश देता है।