तीखी बात: मध्यप्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की विरासत, अब अगली पीढ़ी भी दावेदार!

कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी के समर्थकों के बीच मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर सियासी हलचल

राजीव उपाध्याय

मध्यप्रदेश कांग्रेस की राजनीति में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। यह पार्टी की ऐसी विरासत बन चुकी है, जिसे एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पूरी शिद्दत के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। कभी बड़े नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई दिखाई देती थी, तो अब उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी भी उसी राह पर चलते नजर आ रहे हैं। सवाल यह है कि कांग्रेस प्रदेश में सत्ता वापसी की तैयारी कर रही है या मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए अभी से दावेदारों की कतार लगाने में व्यस्त है?

नकुलनाथ के आयोजन से फिर चर्चा में आई सियासी खेमेबाजी

14 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कार्यकर्ताओं के दीपावली मिलन समारोह के बहाने अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। इस आयोजन में कमलनाथ समर्थकों की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं की ओर से नकुलनाथ को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की मांग ने प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को एक बार फिर चर्चा में ला दिया। दीपावली मिलन का मंच राजनीतिक संदेश देने का माध्यम बन गया।

हालांकि, यह मांग कार्यकर्ताओं की ओर से उठी, लेकिन इसके पीछे भविष्य की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। आयोजन को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन समारोह नाम दिया गया, लेकिन इसमें अधिकतर कमलनाथ समर्थक कार्यकर्ता नजर आए। पोस्टरों में भी कमलनाथ समर्थकों ने प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के चेहरों को जगह नहीं दी। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या राजनीतिक विरासत के साथ गुटबाजी की विरासत भी एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को सौंपी जा रही है?

दिग्विजय सिंह समर्थकों की पसंद जयवर्धन सिंह

दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समर्थकों की अपनी पसंद है। वे उनके बेटे और विधायक जयवर्धन सिंह को प्रदेश की भावी राजनीति में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में देखना चाहते हैं। यानी कांग्रेस में अब केवल वरिष्ठ नेताओं के बीच ही खेमेबाजी नहीं है, बल्कि उनके परिवारों और राजनीतिक उत्तराधिकारियों के इर्द-गिर्द भी नए शक्ति केंद्र तैयार हो रहे हैं।

जीतू पटवारी और अजय सिंह राहुल के समर्थकों की भी अपनी दावेदारी

इस राजनीतिक तस्वीर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का नाम भी महत्वपूर्ण है। संगठन की कमान उनके हाथ में है और उनके समर्थकों का एक वर्ग उन्हें भविष्य के मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में स्थापित करना चाहता है। ऐसे में पार्टी के भीतर कमलनाथ खेमे की पसंद अलग, दिग्विजय सिंह समर्थकों की पसंद अलग और पटवारी समर्थकों की महत्वाकांक्षा अलग दिखाई देती है।

वहीं, अजय सिंह राहुल का खेमा भी उन्हें मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटा दिखाई देता है। सोनिया गांधी की पुस्तक Belonging: A Journey of Love में अर्जुन सिंह की तारीफ का उल्लेख भी इस राजनीतिक संदर्भ में चर्चा का विषय बना है। इसके बाद अजय सिंह राहुल की ओर से सोनिया गांधी को धन्यवाद दिए जाने की बात सामने आई।

भाजपा से मुकाबले से पहले अपनों से चुनौती

विडंबना यह है कि कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा से मुकाबला करने की है, लेकिन पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी का मुकाबला उससे पहले ही शुरू होता दिख रहा है। राजनीति में महत्वाकांक्षा रखना गलत नहीं है, लेकिन जब संगठन से बड़ा व्यक्ति और विचारधारा से बड़ा गुट हो जाए तो नुकसान पूरी पार्टी को उठाना पड़ता है।

कांग्रेस को यह समझना होगा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने से पहले जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता, कार्यकर्ताओं का मनोबल और संगठन की मजबूती स्थापित करना जरूरी है। आखिर 2028 का चुनाव किसी परिवार, किसी नेता या किसी लॉबी की निजी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए नहीं, बल्कि जनता का विश्वास हासिल करने के लिए लड़ा जाएगा।

क्या अगली पीढ़ी गुटबाजी की विरासत से मुक्त हो पाएगी?

सवाल तीखा लेकिन सीधा है। कांग्रेस में अगली पीढ़ी को राजनीति की विरासत तो मिल रही है, लेकिन क्या उसे गुटबाजी की विरासत से भी मुक्ति मिलेगी? यदि हर खेमा अपने नेता को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी में जुटा रहा तो भाजपा को चुनौती देने से पहले कांग्रेस को अपने ही घर की दीवारें मजबूत करनी पड़ेंगी।

क्योंकि जनता को मुख्यमंत्री का चेहरा बाद में चाहिए, उससे पहले एकजुट विपक्ष चाहिए। वरना कांग्रेस की यह अंदरूनी खींचतान 2028 में भी भाजपा के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार साबित हो सकती है।