
बालाघाट। मध्यप्रदेश से 35 साल पुरानी नक्सलवाद की समस्या जड़ से खत्म हो चुकी है। बालाघाट के आत्मबल ने इस कठिन समस्या का अंत कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देशभर में नक्सल उन्मूलन को लेकर बने माहौल के बीच मप्र पुलिस ने प्रभावशाली अभियान चलाकर नक्सलियों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया और प्रदेश में लाल सलाम को आखिरी सलाम किया। नक्सल उन्मूलन में हॉक फोर्स के वीर जवानों की भूमिका अभिनंदन के योग्य है।
मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि हम गर्व से कह सकते हैं कि मध्यप्रदेश की धरती अब नक्सलियों से मुक्त है। सीएम ने बालाघाट में पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। सीएम ने 60 पुलिसकर्मियों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि यह खेद का विषय है कि कभी तत्कालीन सरकार के मंत्री लिखीराम कावरे सरेआम हत्या कर दी गई थी। हमारे लिए यह कड़ी चुनौती थी, क्योंकि 836 किलोमीटर लंबी सीमा छग से लगती है। मप्र ने 38 पुलिस जवान और 27 आम नागरिकों को खोया है। बाबा महाकाल के आशीर्वाद से सरकार ने नक्सलवादियों को जड़ से खत्म करने में सफलता प्राप्त की है।
पिछले वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक 4104 नक्सल विरोधी अभियान चलाए गए। हमारी फोर्स ने 2025 में अब तक के 10 सर्वाधित हार्डकोर नक्सलियों को ढेर किया है। नक्सलियों से कहा गया था कि सरेंडर करो या मारे जाओगे, पुलिस ने राज्य सरकार की इस चेतावनी को सार्थक कर दिखाया।
पैर जमाने का मौका नहीं
सीएम डॉ यादव ने कहा कि भविष्य में नक्सलियों को अपने पैर जमाने के लिए कोई मौका ने मिले, इसके लिए सरकार हर तरह से समुचित प्रबंध कर रही है।
स्कूलों का नवीनीकरण
बालाघाट जिले में नक्सल प्रभावित 250 स्कूलों का नवीनीकरण किया गया है। स्थानीय नागरिकों के लिए एकल सुविधा केंद्र, जनजातीय समुदायों को वन अधिकार पट्टे, जाति प्रमाण पत्र और रोजगार के लिए शिविरों की शुरुआत की गई है।
समय से पहले नक्सलमुक्त हुआ प्रदेश
स्कूल शिक्षा, परिवहन एवं जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बेहतर परिणाम सामने आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने नक्सलियों से सरेंडर करने का आह्वान किया था। हॉक फोर्स की दृड़ इच्छा शक्ति से मप्र समय सीमा से पहले नक्सल मुक्त हो चुका है।
60 पुलिसकर्मियों को क्रम से पूर्व पदोन्नति
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नक्सल विरोधी अभियानों में अपने साहस का परिचय देने वाले 60 पुलिसकर्मियों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की। इसके पहले सीएम ने बालाघाट में शहीदों को श्रृद्धांजलि दी।
बालाघाट पुलिस लाइन में आयोजित अलंकरण कार्यक्रम में सीएम ने 38 जवानों की शहादत को श्रृद्धांजलि देने बनाए गए अमर ज्योति शहीद स्मारक का उद्धघाटन किया। नक्सली हिंसा में मारे गए 15 परिवारों के एक-एक सदस्य को पुलिस विभाग में नौकरी का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।