
पन्ना। नगर की ऐतिहासिक धरोहर महाराज सागर तालाब का कायाकल्प अब तेजी से आकार ले रहा है। वर्षों से जलकुंभी से पूरी तरह पट चुके इस तालाब में पहले पानी दिखाई नहीं देता था, लेकिन कलेक्टर उषा परमार की पहल और जनसहयोग से अब इसे पुनर्जीवित करने का अभियान प्रभावी रूप से शुरू हो चुका है।
जलकुंभी हटने से दिखने लगा निर्मल जल
कलेक्टर द्वारा बनाई गई रणनीति के तहत सबसे पहले पूरे तालाब से जलकुंभी हटाने का कार्य कराया गया। इस अभियान के सफल होने के बाद अब तालाब का स्वच्छ और निर्मल जल दिखाई देने लगा है, जिससे इसकी प्राकृतिक सुंदरता फिर से निखर रही है।
टूटे घाटों का होगा पुनर्निर्माण
तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के अगले चरण में टूटे एवं जर्जर घाटों के निर्माण और मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया गया है। इससे न केवल तालाब की ऐतिहासिक पहचान संरक्षित होगी, बल्कि आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
हरियाली से बढ़ेगी तालाब की खूबसूरती
तालाब के आसपास की भूमि पर व्यापक पौधरोपण की योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत पाम, बांस तथा गुलमोहर सहित विभिन्न फूलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग के सहयोग से पूरे क्षेत्र में व्यवस्थित प्लांटेशन तैयार किया जाएगा तथा पौधों की सुरक्षा के लिए जाली भी लगाई जाएगी।
पर्यटन और भ्रमण स्थल के रूप में होगा विकास
योजना के पूर्ण होने के बाद महाराज सागर तालाब क्षेत्र पन्ना के नागरिकों के लिए एक सुंदर और आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर भी मिलेगा।
कलेक्टर कर रहीं नियमित मॉनिटरिंग
तालाब के कायाकल्प कार्यों की मॉनिटरिंग स्वयं कलेक्टर उषा परमार द्वारा लगातार की जा रही है, ताकि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता और समयसीमा के अनुरूप पूर्ण हो सकें।
प्राणनाथ मंदिर के पुजारी ने की सराहना
कलेक्टर के जनहितैषी प्रयासों की सराहना करने के लिए श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के पुजारी पवन शर्मा कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्हें शुभाशीष प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने प्रणामी संप्रदाय से जुड़ी पवित्र किलकिला नदी की वर्तमान प्रदूषित स्थिति पर भी चर्चा की।
किलकिला नदी के उत्थान की भी बनेगी योजना
पुजारी पवन शर्मा ने किलकिला नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की आवश्यकता पर जोर दिया, जिस पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही नदी के उत्थान और सौंदर्यीकरण के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के पूर्व सचिव राकेश कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा