नर्मदा महोत्सव 2025: फोटोग्राफी प्रतियोगिता में जीतें 11,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार

माँ नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद करने का सुनहरा अवसर

जबलपुर। सौंदर्य की नदी मां नर्मदा के किनारे, विश्व प्रसिद्ध धुआंधार जलप्रपात के समीप भेड़ाघाट की संगमरमरी वादी में नर्मदा महोत्सव का आयोजन 5 और 6 अक्टूबर 2025 को होने जा रहा है। मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड, जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (JATCC) और नगर परिषद भेड़ाघाट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का विशेष आकर्षण होगा फोटोग्राफी प्रतियोगिता, जिसमें प्रतिभागी मां नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरे में कैद कर 11,000 रुपये का प्रथम पुरस्कार जीत सकते हैं।

मुक्ताकाशी मंच पर सांस्कृतिक और प्राकृतिक सौंदर्य का संगम

नर्मदा महोत्सव में शरद पूर्णिमा की रात धुआंधार प्रपात के तट पर भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा, मैथिली ठाकुर और अभीप्सा पांडा अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इसी के साथ, फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रतिभागी मां नर्मदा के नयनाभिराम दृश्यों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। प्रतियोगिता का विषय है – “माँ नर्मदा का प्राकृतिक सौंदर्य”।

जेएटीसीसी के सीईओ पीयूष दुबे ने कहा, “यह प्रतियोगिता रचनात्मकता और नवाचार का एक अनूठा मंच है। फोटोग्राफर्स अपने कैमरे की तीसरी नजर से मां नर्मदा के अनुपम सौंदर्य को कैद कर पुरस्कार जीत सकते हैं।”

जेएटीसीसी के नोडल अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि मां नर्मदा के अद्भुत सौंदर्य और उसके तटों की रमणीयता को कैमरे की नजर से प्रदर्शित करने के उद्देश्य से नर्मदा महोत्सव के अवसर पर भव्य छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी में नर्मदा के विविध रूप, उसकी लहरों की छटा, घाटों की आभा और तटवर्ती जीवनशैली को फोटोग्राफर प्रस्तुत कर सकते हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने के नियम और शर्तें:-

1. पंजीयन: प्रतिभागियों को नगर परिषद भेड़ाघाट में उपस्थित होकर या मोबाइल नंबर 7415212554 पर संपर्क कर पंजीयन कराना होगा।
2. फोटोग्राफ जमा करने की अंतिम तिथि: 4 अक्टूबर 2025, शाम 5:00 बजे तक।
3. फोटोग्राफ का प्रारूप: प्रत्येक प्रतिभागी को 2 सर्वश्रेष्ठ रंगीन फोटोग्राफ (20×30 सेमी या 12×18 सेमी) जमा करने होंगे, जिन पर नाम, पता और दूरभाष अंकित हो।
4. क्षेत्र: लम्हेटाघाट से भेड़ाघाट के बीच मां नर्मदा के प्रवाह क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य के फोटोग्राफ ही मान्य होंगे।
5. पुरस्कार: प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7,100 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5,100 रुपये और प्रशस्ति पत्र।
6. परिणाम और पुरस्कार वितरण: परिणाम 5 अक्टूबर को और पुरस्कार वितरण 6 अक्टूबर को नर्मदा महोत्सव के दौरान।
7. शर्त: केवल वास्तविक, बिना एडिटिंग (AI या अन्य) के फोटोग्राफ मान्य होंगे।

आमंत्रण:

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और जेएटीसीसी सभी फोटोग्राफी प्रेमियों को इस अनूठे आयोजन का हिस्सा बनने और मां नर्मदा के सौंदर्य को दुनिया के सामने लाने के लिए आमंत्रित करता है।

संपर्क: नगर परिषद भेड़ाघाट, मोबाइल: 7415212554
स्थान: भेड़ाघाट, जबलपुर, मध्य प्रदेश
तिथि: 5-6 अक्टूबर 2025

फोटो: मुकुल यादव 

Back to top button