नरसिंह मंदिर व गीता धाम सहित शहर में जगह-जगह गुरु पूर्णिमा महोत्सव में गुरु पादुका पूजन

जबलपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नरसिंह मंदिर व गीता धाम सहित शहर में अनेक स्‍थानों पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर साकेतवासी महामंडलेश्वर स्वामी श्रीरामचन्द्र दास शास्त्री जी तथा श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी श्याम देवाचार्य जी महाराज के श्रीविग्रह एवं पादुकाओं का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कार्यक्रम परम पूज्य श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।

गुरु समाधि और पादुका पूजन में उमड़ा श्रद्धाभाव

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सर्वप्रथम गीता धाम में योगेश्वर भगवान एवं महादेव का पूजन किया गया। इसके पश्चात गुरु समाधि का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता अर्पित करते हुए गुरु परंपरा का स्मरण किया।

इसके बाद नरसिंह मंदिर में श्रीविग्रह एवं पादुका पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पूजन में सहभागिता की। गीता धाम में गुरु पूजन, आरती एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इस दौरान पूरा परिसर गुरु भक्ति और आध्यात्मिक भाव से सराबोर नजर आया।

महाप्रसादी में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

पूजन-अर्चन एवं आरती के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया गया। श्री नरसिंह मंदिर गीता धाम भक्त परिवार, सनातन धर्म महासभा जबलपुर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने महाप्रसादी ग्रहण की। भक्तों ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए प्रसाद ग्रहण किया।

जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित

गुरु पूर्णिमा महोत्सव में जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक नीरज सिंह, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, पार्षद प्रतिभा भापकर एवं पार्षद सोनिया रंजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर श्याम साहनी, गुलशन मखीजा, अशोक मनोध्या, शरद काबरा, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, विध्येश भापकर, राजेन्द्र यादव, संदीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे। सभी ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सहभागिता कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त किया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों, पूजन-अर्चन, आरती एवं महाप्रसादी से नरसिंह मंदिर गीता धाम का वातावरण पूरे दिन आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना रहा।

भक्ति धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव

गुरु की शरण और गुरु का मनन हर कठिनाई में हल बनकर आता है। गुरु सदैव शिष्य को उच्च स्थान पर देखने की अभिलाषा रखता है। गुरु के ज्ञान से परिपूर्ण शिष्य सदैव अजेय योद्धा बनता है उक्त उद्गार भक्ति धाम के अधिष्ठाता स्वामी अशोकानंद जी महाराज ने गुरु पूर्णिमा महोत्सव में गुरु पूजन में भक्तों की उपस्थिति में कहे।
इस अवसर पर पं वेदांत शर्मा, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, पार्षद प्रतिभा भापकर पार्षद, सोनिया रंजीत सिंह, पुष्पराज तिवारी‌ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त जनों की उपस्थिति रही।

Back to top button