
जबलपुर। 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रानी दुर्गावती चिकित्सालय एल्गिन में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी द्वारा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। कलमवीर संघर्ष संगठन के पदाधिकारियों द्वारा भी एल्गिन अस्पताल पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को जिंदगी की दो बूंद पिलाई गई।
इस अवसर पर पीपुल्स समाचार पत्र के संपादक मयंक तिवारी, आईएनएच न्यूज़ चैनल के प्रमुख संजय साहू, हरिभूमि समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार शुभम शुक्ला, प्रसार भारती की सुरभि तिवारी, इंडिया टीवी के देवजीत, कलमवीर संघर्ष संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्यजीत यादव, जिला अध्यक्ष सृजन शुक्ला, प्रदेश सचिव सुधीर खरे एवं प्रदेश प्रवक्ता हर्षित चौरसिया उपस्थित थे। इस दौरान हॉस्पिटल अधीक्षिका डॉ. नीता पाराशर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, आर.आई. मैनेजर विजय पांडे, अर्चना शिवहरे, विकास श्रीवास्तव, अंजली दीवान, शारदा बुंदेला सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।
3.89 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य
जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल लगभग 3 लाख 89 हजार 226 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में 2,468 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिन पर 4,936 टीकाकरण कर्मी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
29 एवं 30 जून को घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
इस अवसर पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।
अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण
अभियान के सफल संचालन के लिए जिले एवं संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभिन्न पोलियो बूथों का निरीक्षण किया गया। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग जबलपुर डॉ. भरत कुमार खटीक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरगी में चल रहे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का निरीक्षण किया तथा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई। इस दौरान सीबीएमओ डॉ. रश्मि भटनागर, संभागीय कार्यक्रम समन्वयक निहार दीवान एवं यूएनडीपी के अतुल करकरे भी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने भी शहर के कांचघर, घमापुर तथा वल्दी कोरी की दफाई क्षेत्र के पोलियो बूथों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता एवं जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील भी मौजूद रहे।
“दो बूंद जिंदगी की” – हर बच्चे को, हर बार पोलियो पर जीत रहे बरकरार
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की प्रत्येक निर्धारित खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।