बिहार की राजनीति में नया मोड़- नीतीश ने भरा राज्‍यसभा के लिए नामांकन

पटना। बिहार की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। गुरुवार को बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्‍यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके साथ नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्‍द्र कुशवाहा, शिवेश कुमार ने भी नामांकन भरा। इस अवसर पर केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह उपस्थित रहे।

अमित शाह से मुलाकात

नामांकन के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंचे और बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की। इसके बाद नीतीश कुमार का नामांकन जमा करने के वक्‍त अमित शाह भी उपस्थिति रहे।

अमित शाह ने एक्‍स पर लिखा कि “बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्‍याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्‍व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्‍त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है। जनसेवा का आपका व्‍यापक अनुभव तथा नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्‍यसभा की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाएगी। आपकी गरिमामयी उपस्थिति से एनडीए के सबका साथ, सबका विकास के संकल्‍प को और अधिक मजबूती मिलेगी”।

नीतीश ने एक्‍स पर लिखा कि “पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्‍वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्‍ठा से सेवा की है। आपके विश्‍वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्‍मान का नया आयाम प्रस्‍तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्‍य‍क्‍त किया है।

संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्‍छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्‍य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्‍यसभा का सदस्‍य बनना चाह रहा हूं। बिहार की नई सरकार को मेरा सपोर्ट रहेगा”।

Back to top button