महाराजा छत्रसाल जयंती और पन्ना गौरव दिवस पर उमड़ा जनसैलाब

पन्ना। बुंदेलखंड के गौरव एवं वीर शिरोमणि महाराजा छत्रसाल की जयंती तथा पन्ना गौरव दिवस बुधवार को श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। सुबह प्रतिमा पर माल्यार्पण से शुरू हुए कार्यक्रम देर रात तक सांस्कृतिक आयोजनों और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के साथ जारी रहे। मुख्य समारोह में खजुराहो सांसद वीडी शर्मा और पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ

सुबह छत्रसाल पार्क स्थित महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा पर विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मीना विष्णु पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि विष्णु पाण्डेय, प्रणामी समाज के पदाधिकारियों एवं नगर पालिका अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

महाराजा छत्रसाल राष्ट्र स्वाभिमान के प्रतीक : वीडी शर्मा

सायंकाल आयोजित मुख्य समारोह में हजारों नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को जनोत्सव का रूप दे दिया। सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि महाराजा छत्रसाल भारतीय अस्मिता, राष्ट्र स्वाभिमान और सनातन संस्कृति की रक्षा के महानायक थे। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पन्ना केवल हीरों की नगरी ही नहीं, बल्कि प्रतिभाओं की धरती भी है।

प्रतिभाओं का सम्मान समाज को देता है नई दिशा : बृजेन्द्र प्रताप सिंह

विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि महाराजा छत्रसाल का जीवन संघर्ष, त्याग और जनकल्याण की प्रेरणादायक मिसाल है। पन्ना गौरव दिवस का उद्देश्य जिले की उन प्रतिभाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से पन्ना का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता है।

पन्ना गौरव सम्मान से नवाजी गईं प्रतिभाएं

कार्यक्रम में नगर के प्रथम आईपीएस अधिकारी डॉ. अभिजीत कुमार जैन, राजस्थान कैडर की सिविल जज सोनाक्षी पाण्डेय, प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभा सिंह सलामको, समाजसेवा के लिए पेंशन समर्पित करने वाले विजय कुमार चन्दौरिया, चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार द्विवेदी तथा साहसिक उपलब्धि के लिए पावनी शर्मा को ‘पन्ना गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।

कवि सम्मेलन ने बांधा समां

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। मंच संचालक शशिकांत यादव “शशि” के संचालन में गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना, कवयित्री करिता तिवारी, हास्य कलाकार सरदार प्रताप फौजदार और जॉनी वैरागी ने देशभक्ति, ओज, हास्य और व्यंग्य से भरपूर प्रस्तुतियां देकर देर रात तक श्रोताओं का मनोरंजन किया।

सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ हुआ समापन

नगर पालिका अध्यक्ष मीना विष्णु पाण्डेय ने मुख्य अतिथियों सहित अन्य विशिष्टजनों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति रही। महाराजा छत्रसाल के जयघोष और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण के बीच सम्पन्न इस आयोजन ने पन्ना की सांस्कृतिक चेतना, ऐतिहासिक गौरव और प्रतिभाओं के सम्मान की नई मिसाल प्रस्तुत की।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा

Back to top button