
पन्ना। कहते हैं कि ऊपर वाला जब देता है तो छप्पर फाड़कर देता है। यह कहावत एक बार फिर सच साबित हुई है पन्ना जिले में, जहां की धरती किसी को भी पलभर में रंक से राजा बना सकती है। यहां खेर माता के दर्शन कर लौट रहे एक किसान-मजदूर की किस्मत पलट गई, जब उसे सड़क किनारे पड़ा जेम्स क्वालिटी का 4.04 कैरेट का हीरा मिल गया। इस हीरे की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
चमचमाते पत्थर ने बदल दी जिंदगी
रहुनियाँ गुंजार निवासी 59 वर्षीय गोविंद सिंह आदिवासी रोज़ाना की तरह सुबह खेर माता के दर्शन करने निकले थे। माता के दर्शन कर लौटते समय उनकी नजर सड़क किनारे एक चमचमाते पत्थर पर पड़ी। जिज्ञासावश उन्होंने उसे उठाया और घर ले आए। परिवार को दिखाने पर सभी को लगा कि यह हीरा हो सकता है। इसके बाद गोविंद सिंह इसे लेकर हीरा कार्यालय पहुंचे। यहां विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने जांच की तो वह असली हीरा निकला।
परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं
गोविंद सिंह खेती और मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और वे लंबे समय से माता रानी से प्रार्थना कर रहे थे कि उन्हें इतना साधन मिल जाए कि ट्रैक्टर खरीद सकें। जैसे ही उन्हें यह हीरा मिला, उनकी वर्षों की मेहनत और आस्था रंग लाई। उन्होंने बताया कि नीलामी से मिली रकम से वे पहले अपना अधूरा मकान पूरा करेंगे और उसके बाद ट्रैक्टर खरीदने की योजना है।
गरीबी से अमीरी की ओर कदम
हीरा मिलने की खबर सुनते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग कहने लगे कि माता रानी ने गोविंद सिंह की झोली भर दी है। गोविंद सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक हीरा नहीं, बल्कि माता का दिया हुआ प्रसाद है जिसने उनकी किस्मत बदल दी।
विशेषज्ञों की राय और नीलामी की तैयारी
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अच्छी मांग रहती है। इस हीरे को आगामी नीलामी में रखा जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसकी कीमत 10 लाख रुपये से भी अधिक मिल सकती है। पन्ना जिले में पहले भी कई मजदूरों और किसानों की किस्मत ऐसे हीरों की वजह से चमकी है, और यही कारण है कि इसे ‘धरती का कोहिनूर’ भी कहा जाता है।
पन्ना की धरती देती है उम्मीद
पन्ना जिले की पहचान हीरे की खदानों के लिए विश्वभर में है। यहां कभी-कभी सड़क या खेतों से भी कीमती हीरे मिल जाते हैं। गोविंद सिंह का किस्सा इस बात का प्रमाण है कि मेहनतकश लोगों की जिंदगी भी किस्मत के सहारे अचानक बदल सकती है। गांव के लोग अब इसे माता रानी का चमत्कार मान रहे हैं और गोविंद सिंह के परिवार को बधाई दे रहे हैं।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा