पन्ना में शरदपूर्णिमा पर निकलेगी श्री राज जी महाराज की दिव्य शोभायात्रा

श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर से रासमंडल तक निकलेगी शोभायात्रा, पंचमी तक चलेगी अखंड जागनी रासलीला

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। श्री पांच पद्मावतीपुरी धाम पन्ना में अंतरराष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव के तहत रविवार की मध्यरात्रि श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के बंगला जी दरबार साहब से श्री राज जी महाराज की दिव्य शोभायात्रा रासमंडल के लिए निकलेगी। रात्रि 12 बजे निकलने वाली शोभायात्रा के रासमंडल पहुंचने के साथ पांच दिवसीय अखंड जागनी रासलीला का आयोजन शुरू होगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों सुंदरसाथ पन्ना पहुंचे हैं।

सद्गुरु धनी देवचंद जी का प्राकट्य उत्सव मनाया

महोत्सव के अंतर्गत शनिवार की मध्यरात्रि सतगुरु धनी देवचंद जी मंदिर में सद्गुरु देवचंद जी महाराज का प्राकट्य उत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंदिर परिसर स्थित ब्रह्म चबूतरे पर भजन-कीर्तन, प्रवचन और आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्वानों और कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।

श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन और प्रसाद की व्यवस्था

श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश भाई पटेल, उपाध्यक्ष डी.के. दबे और प्रबंधक आशीष शर्मा ने बताया कि देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट द्वारा आवास, भोजन-प्रसाद और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। महोत्सव के दौरान कई श्रद्धालु भी सेवा कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। कोई फल वितरित कर रहा है, तो कोई नाश्ते और पेयजल की व्यवस्था में जुटा है।

सेवा गतिविधियों के माध्यम से महामति श्री प्राणनाथ जी की वाणी ‘सुख शीतल करूं संसार, तुम सेवा से पाओगे पार’ का संदेश भी सामने आ रहा है।

व्यवस्थाओं में जुटा प्रशासन

महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन द्वारा भी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता से संबंधित व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि धार्मिक आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

निजानंद प्रणामी धर्म की मान्यताओं के अनुसार, महामति श्री प्राणनाथ जी ने लगभग 400 वर्ष पूर्व इसी ब्रह्म चबूतरे पर सुंदरसाथ को श्री राज जी-श्यामा जी की अखंड रासलीला के दर्शन कराए थे। इसी परंपरा के तहत प्रतिवर्ष शरदपूर्णिमा की रात रासमंडल में श्रीजी की सवारी पहुंचने के बाद जागनी रासलीला आयोजित की जाती है, जो पंचमी तक चलती है।

पन्ना की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रमुख आयोजन

श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के पूर्व सचिव राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव पन्ना की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें देश-विदेश से हजारों सुंदरसाथ श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि सुंदरसाथ की सेवा, प्रशासन का सहयोग और श्रद्धालुओं की आस्था मिलकर महामति श्री प्राणनाथ जी के संदेशों को साकार कर रहे हैं। शरदपूर्णिमा पर पन्ना धाम में उमड़ रही श्रद्धा और सेवा की यह भावना प्रेम, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दे रही है।