पन्ना टाइगर रिजर्व के सभी 12 परिक्षेत्रों में उत्साह से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

पन्ना। 15 अगस्त को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पन्ना टाइगर रिजर्व के पार्क कार्यालय सहित सभी 12 परिक्षेत्रों में राष्ट्रीय पर्व उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पार्क कार्यालय में उपसंचालक द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।

इस अवसर पर उपसंचालक ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पन्ना टाइगर रिजर्व के 150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

परिक्षेत्रों में भी हुए विविध आयोजन

हिनौता परिक्षेत्र में ध्वजारोहण एवं सलामी के बाद डीएवी स्कूल मझगवां में विश्व हाथी दिवस प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्राचार्य की उपस्थिति में पुरस्कृत किया गया। हाथी स्टाफ, स्थायी कर्मियों एवं सुरक्षा श्रमिकों को उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

पन्ना-गंगऊ अभयारण्य परिक्षेत्र में ध्वजारोहण कार्यक्रम में ईको विकास समिति (ईडीसी) के सदस्य शामिल हुए। उन्हें वन एवं वन्यजीव सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई तथा परिक्षेत्र अधिकारी ने आमसभा को संबोधित किया।

किशनगढ़ कोर परिक्षेत्र में ध्वजारोहण के साथ नरौली ईको विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं किशनगढ़ बफर परिक्षेत्र में वन संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई।

चंद्रनगर परिक्षेत्र में ध्वजारोहण के बाद स्टाफ बैठक आयोजित कर वन एवं वन्यजीव सुरक्षा, गश्ती, कैंप की स्वच्छता एवं रिकॉर्ड संधारण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। स्टाफ द्वारा सुरक्षा संबंधी गीत भी प्रस्तुत किए गए।

अमानगंज बफर परिक्षेत्र में राष्ट्रगान के बाद स्टाफ एवं उनके परिवार के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गहरीघाट परिक्षेत्र में भी गरिमामयी वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

पन्ना टाइगर रिजर्व के सभी 12 परिक्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान वन एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ देश सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा

Back to top button