अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी: मंदिर ट्रस्ट ने चंपत राय व अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि की

अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय एवं ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि कर दी है। दोनों ने शुक्रवार को अपना इस्तीफा सौंपा था, जिसकी पुष्टि ट्रस्ट ने शनिवार को विज्ञप्ति जारी कर की। चंपत राय पिछले 35 वर्षों से राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं और विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं।

उनके कार्यकाल के दौरान राम मंदिर में चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इससे पहले एसआईटी ने इस मामले में आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तक आरोपियों से करीब 79 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। वहीं राम मंदिर ट्रस्ट की अगली बैठक जुलाई में होने की संभावना है। एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट अभी आना शेष है।

ट्रस्ट ने जारी की आधिकारिक विज्ञप्ति

राम मंदिर ट्रस्ट ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय एवं सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफा ट्रस्ट को प्राप्त हो गया है। ट्रस्ट ने दोनों के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि करते हुए आगे की प्रक्रिया ट्रस्ट की आगामी बैठक में तय किए जाने के संकेत दिए हैं।

ट्रस्ट में प्रशासनिक फेरबदल की संभावना

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट में प्रशासनिक फेरबदल की संभावना भी जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार जुलाई के दूसरे सप्ताह में ट्रस्ट की बैठक आयोजित हो सकती है, जिसमें प्रशासनिक बदलाव सहित विभिन्न विषयों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

फैक्ट फाइल

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने 13 जून को ट्रस्ट के अनुरोध पर तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने 23 जून को उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। संजय प्रसाद ट्रस्ट के पदेन सदस्य भी हैं। एसआईटी ने जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की अनुशंसा की थी। इसके बाद चोरी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश तथा गबन की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।

अब तक आठ आरोपित गिरफ्तार

राम मंदिर के दानपात्रों की धनराशि में कथित गबन के मामले में आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि थाने में आठ नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने लवकुश मिश्रा एवं अनुकल्प मिश्रा को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य छह आरोपितों रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव एवं मनीष यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Back to top button