
जबलपुर। सुबह की सैर करने के लिए लोग निकलते हैं और उनके साथ अप्रिय घटना घट जाती है। रानीताल के मॉर्निंग वॉकर्स अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसका कारण यह है कि रानीताल मॉर्निंग वॉक परिसर में लगातार तोड़फोड़, चोरी और असामाजिक गतिविधियां हो रही हैं। इसके विरोध में क्षेत्रीय कांग्रेस पार्षद संतोष दुबे “पंडा” के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने थाना प्रभारी लार्डगंज को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की।
तोड़फोड़ और चोरी की बढ़ती घटनाएं
ज्ञापन में बताया गया कि मॉर्निंग वॉक परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा लोहे की ग्रिल, कुर्सियों एवं बिजली के पोलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही परिसर में चोरी की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं।
नशेड़ियों की गतिविधियों से बढ़ी चिंता
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि परिसर में नशेड़ियों की गतिविधियां बढ़ने से सुबह और शाम टहलने आने वाले लोगों, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मॉर्निंग वॉक परिसर और आसपास के क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो सार्वजनिक संपत्ति को और अधिक नुकसान पहुंच सकता है।
पार्षद ने कहा – सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी
पार्षद संतोष दुबे “पंडा” ने कहा कि रानीताल मॉर्निंग वॉक परिसर क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र है। इसकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
ये लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान रवि सोनकर, विवेक यादव, अमित दुबे, पप्पन मिश्रा, प्रियांशु मिश्रा, बंटी ठाकुर, ओमप्रकाश दुबे, मोनू अग्रवाल, सुशील रैकवार, मनोज विश्वकर्मा, अनिल उपरीत, जित्तु तिवारी, झल्लु दुबे, धनीराम दुबे, सतेंद्र दुबे, विवेक डिकाटे, दीपक दुबे, रामसेवक तिवारी, सुमित रैकवार, चिंटू गुप्ता, गुड्डू भाई, गोलू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।