
जबलपुर। हिंदू पंचांग के अनुसार हर साल ज्येष्ठ महीने के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को शनि जन्मोत्सव का पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष यह अमावस्या शनिवार के दिन पड़ रही है, इसलिए यह साल की पहली शनिश्चरी अमावस्या भी होगी। इस दिन अखंड सौभाग्य के लिए वट सावित्री व्रत भी किया जाएगा।
दुर्लभ संयोग से विशेष बना यह वर्ष
इस वर्ष श्री शनि देव प्रकटोत्सव, शनिश्चरी अमावस्या और वट सावित्री व्रत का दुर्लभ संयोग बन रहा है, जिससे यह पर्व अत्यंत खास माना जा रहा है। इस दिन बुधादित्य योग और केदार योग का महासंयोग भी बन रहा है।
शनिधाम तिलवारा में होंगे भव्य धार्मिक आयोजन
16 मई शनिवार के दिन श्री शनि देव प्रकटोत्सव के अवसर पर तिलवारा स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ दिव्य 56 भोग का भव्य महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
रामचरित मानस पाठ, अभिषेक और भंडारे का आयोजन
15 और 16 मई को श्री रामचरित मानस पाठ का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम 6 बजे शनि महाभिषेक किया जाएगा। मथुरा वृंदावन से आए महाराज द्वारा निर्मित 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही पुष्प श्रृंगार, दिव्य आरती और पूरे दिन भंडारे का आयोजन रहेगा।
पं. सतीश तिवारी ने दी जानकारी
मंदिर के व्यवस्थापक पं. सतीश तिवारी ने बताया कि इस वर्ष शनि जयंती का पर्व बेहद खास है, क्योंकि शनि जन्मोत्सव, वट सावित्री अमावस्या और शनिश्चरी अमावस्या का शुभ संयोग बन रहा है।
शनि पूजा से मिलती है कष्टों से मुक्ति
वैदिक पंचांग के अनुसार इस दिन भरणी और कृतिका नक्षत्र के साथ बुधादित्य और केदार योग बन रहा है। शनि जयंती पर शनिदेव की पूजा करने से साढ़ेसाती और शनि की पीड़ा से राहत मिलती है। मान्यता है कि इस विशेष योग में पूजा करने से शुभ फल प्राप्त होते हैं।
नर्मदा घाटों पर लगेगा आस्था का मेला
इस दिन पवित्र स्थानों और नर्मदा घाटों पर श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाएंगे। शास्त्रों के अनुसार इस अवसर पर स्नान और दान-पुण्य करना अत्यंत फलदायी माना गया है, जिससे जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है।
पूजन अर्चन के लिए किया गया आग्रह
श्री शनिधाम तिलवारा में विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने का आग्रह पं. सतीश जी महाराज, पं. अनिल मिश्रा, नितिन शर्मा, विध्येश भापकर, नितिन भाटिया, संजय तिवारी, शुभम तिवारी, सोनू कुररिया, हितेश पटेल, विवेक पाण्डेय, शिवा तिवारी, अशोक साहू, आशीष सिंगहरा, गणेश साहू, विजय पटेल, विजय ठाकुर, राजकुमार पटेल, लक्ष्मण पटेल, गौरव सेनी, करण भट्टाचार्य, पट्टू उर्प्रीत, सचिन बुधौलिया, गेंदू सेन, मनीष साहू, प्रदीप साहू, नितेश राजपूत, रितेश शुक्ला, ईश्वर दास, मुकेश राठौर, अभिषेक ठाकुर, मनोज ठाकुर, सचिन खटिक, ब्रजेश कुशवाह, प्रहलाद बंसल ने किया है।