Sawan 2025: शिव सा कृपालु दयालु कोई नहीं- स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज

नरसिंह मंदिर शास्त्री ब्रिज में श्रावण मास महोत्सव का शुभारंभ

जबलपुर। भूतभावन भगवान महादेव की आराधना का पावन मास श्रावण आज से प्रारंभ हो गया। नरसिंह मंदिर (शास्त्री ब्रिज) में आयोजित श्रावण मास महोत्सव के अवसर पर श्रीमद् जगतगुरु नृसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान शिव जैसा कृपालु और दयालु कोई दूसरा देव नहीं है।

उन्होंने कहा कि भगवान महादेव केवल जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा अर्पित करने और श्रद्धापूर्वक प्रणाम करने से ही प्रसन्न होकर मनोवांछित फल प्रदान करते हैं। स्वयं अभाव में रहते हुए भी वे भक्तों के सभी अभाव दूर करते हैं।

अल्प आराधना भी बनाती है रंक को राजा

स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने बताया कि आशुतोष भगवान महादेव की थोड़ी सी भी आराधना रंक को राजा बना सकती है। श्रावण मास का यह अवसर भगवान शिव की उपासना और अर्चन द्वारा अपने जीवन को सफल और सार्थक बनाने का सौभाग्य प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को इस पावन माह में भगवान महादेव से संपूर्ण विश्व के मंगल और कल्याण की कामना करनी चाहिए ताकि उनकी कृपा दृष्टि समस्त प्राणियों पर बनी रहे। साम्ब-सदाशिव प्रभु के श्रीचरणों में ऐसी प्रार्थना करते हुए उन्होंने भक्तों को श्रावण मास में अधिकाधिक पूजा-अर्चना का आग्रह किया।

रूद्राभिषेक और षोडशोपचार पूजन अर्चन

नरसिंह मंदिर में आयोजित महोत्सव के दौरान नर्मदेश्वर महादेव का रूद्राभिषेक और षोडशोपचार पूजन अर्चन तथा आरती संपन्न हुई। कार्यक्रम में आचार्य रामफल शास्त्री, कामता गौतम, एसबी मिश्रा, उग्रसेन मिश्र, उर्मिला यादव, ब्रह्मचारी हिमांशु, प्रियांशु सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे और भगवान शिव की आराधना में शामिल हुए।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा की प्रथम बैठक श्री नृसिंह मंदिर में 13 को

संस्कारधानी में श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में 1980 से निकाली जा रही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की परम्परागत विशाल शोभायात्रा इस वर्ष भी आगामी 16 अगस्त शनिवार 2025 को दोपहर 2.00 बजे श्री सनातन धर्म तिराहा (पुराना मोटर स्टैंड) से श्री नृसिंह पीठाधीश्वर पूज्य अनन्त श्री विभूषित श्रीमद्जगदगुरु डॉ स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य व संरक्षण में निकाली जाएगी।

शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आपके विचार एवं नवीनतम सुझावों हेतु आगामी 13 जुलाई रविवार को सायं 4.30 बजे श्री नृसिंह मंदिर शास्त्रीब्रिज में महासभा के यशस्वी अध्यक्ष श्री श्याम साहनी जी की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आहूत की गई है।

अतः श्री सनातन धर्म महासभा के समस्त पदाधिकारियों/सदस्यों, नगर की सभी धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के पदाधिकारी/सदस्यों तथा सभी मठ मंदिरों के सहयोगी भक्तजनों से निर्धारित समय पर बैठक मे उपस्थिति हेतु सादर आग्रह श्री सनातन धर्म महासभा, श्रीनृसिंह मंदिर गीताधाम परिवार ने किया है।

Back to top button