देवशयनी एकादशी पर जबलपुर में निकलेगी भव्य विठ्ठल वारी, गूंजेगा हरिनाम संकीर्तन

जबलपुर। आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल, जबलपुर के तत्वावधान में लगातार 12वें वर्ष पंढरपुर (महाराष्ट्र) की तर्ज पर 25 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे से श्री विठ्ठल वारी हरिनाम संकीर्तन एवं भव्य शोभायात्रा श्री दत्त मंदिर, गोलबाजार से निकाली जाएगी। श्रद्धा, भक्ति और मराठी संस्कृति से ओतप्रोत इस यात्रा में “विठ्ठल-विठ्ठल” के जयघोष से संस्कारधानी की सड़कें भक्तिमय हो उठेंगी।

मराठी परिधान में शामिल होंगे वारकरी भक्त

वारकरी संप्रदाय के श्रद्धालु हरिनाम संकीर्तन करते हुए यात्रा में शामिल होंगे। पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा तथा महिलाएं मयूर पंखी रंग के पारंपरिक मराठी परिधान धारण कर भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करेंगी।

पालकी और रथ में होंगे संत एवं भगवान के दिव्य विग्रह

श्रीहरि विठ्ठल-रखुमाई के श्रीविग्रह, संत ज्ञानेश्वर महाराज एवं संत गजानन महाराज की पालकी तथा रथ यात्रा का प्रमुख आकर्षण होंगे। आलंदी (महाराष्ट्र) से पधारी संत ज्ञानेश्वर महाराज की पावन पादुकाओं को वारकरी भक्त अपने कंधों पर लेकर चलेंगे, जबकि संत गजानन महाराज का श्रीविग्रह पादुका रथ पर आरूढ़ रहेगा।

यह रहेगा शोभायात्रा का मार्ग

हरिनाम संकीर्तन यात्रा श्री दत्त मंदिर, गोलबाजार से प्रारंभ होकर नेशनल हॉस्पिटल, पुराने जामदार हॉस्पिटल, डी.एन. जैन स्कूल, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लार्डगंज चौक, कमानिया गेट, सराफा बाजार, कोतवाली थाना, राजा रसगुल्ला वाली गली होते हुए श्री विठ्ठल रखुमाई मंदिर, हनुमानताल पहुंचेगी।

भक्ति और मराठी संस्कृति का होगा अद्भुत संगम

यात्रा में विठ्ठल बैंड, ढोल-ताशे, श्यामा बैंड, मातृशक्ति लेझिम दल तथा भजन-कीर्तन करते वारकरी भक्त आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मराठी परिधान में सजे बच्चे एवं महिलाएं भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। संत-महात्माओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति यात्रा को विशेष बनाएगी।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

विठ्ठल वारी यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील पूर्व महापौर डॉ. स्वाति सदानंद गोडबोले, मराठी साहित्य अकादमी मध्यप्रदेश के डायरेक्टर संतोष गोडबोले, पार्षद प्रतिभा भापकर, जया सुरेश पागे, प्राजक्ता प्रवीण विप्रदास, संजय आप्टे, सीमा राजेश तोपखाने वाले, प्रेरणा हेमंत पोहरकर, किशोर कलमकर, श्रीकांत बापट, तेजश्री मनीष नाजवाले, रंजना भास्कर वर्तक, अभय सवडतकर, संजय बेहरे, विजय भावे, मुरलीधर पालंदे, प्रकाश बेहरे, आशुतोष गोडबोले, चिन्मय जोशी, डॉ. गिरीश मैराल सहित आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल के पदाधिकारियों ने की है।

आरती और पुष्पवर्षा का किया आग्रह

आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल ने संस्कारधानीवासियों से आग्रह किया है कि वे भगवान श्रीहरि विठ्ठल-रखुमाई की आरती, पुष्पवर्षा एवं दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करें तथा इस भव्य धार्मिक आयोजन में सहभागी बनें।

रिपोर्ट: विध्‍येश भापकर 

Back to top button