
जबलपुर। दृष्टिबाधित उच्च्तर विद्यालय जबलपुर के लगभग 50 दिव्यांग बच्चों की आंखों का परीक्षण डॉ. श्रॉफ चेरिटेबल आई हॉस्पिटल, दिल्ली से आए डॉक्टर रक्षित अग्रवाल और उनकी टीम द्वारा किया गया। यह शिविर मिशन दृष्टि के अंतर्गत आयोजित किया गया।
मिशन दृष्टि के तहत स्कूल पहुंची विशेषज्ञ टीम
राज कृष्ण तन्खा फाउंडेशन के संस्थापक विवेक कृष्ण तन्खा के सहयोग से नेत्रहीन कन्या शाला की 11 छात्राओं एवं शासकीय दृष्टिबाधित उच्च्तर विद्यालय के 50 नेत्रहीन दिव्यांग छात्रों का उनके विद्यालय परिसर में ही नेत्र परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. रक्षित अग्रवाल ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से बच्चों की जांच की।
आधुनिक चिकित्सा से संभव हो रहा दृष्टि सुधार
डॉ. रक्षित अग्रवाल ने बताया कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति और अत्याधुनिक मशीनों के उपयोग से कई बच्चों की दृष्टि में सुधार संभव हो पाया है। उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षण के उपरांत 11 दृष्टिहीन बच्चों का चयन आगे की विस्तृत जांच और उपचार के लिए किया गया है। इन बच्चों को शीघ्र ही विवेक कृष्ण तन्खा के सहयोग से डॉ. श्रॉफ चेरिटेबल आई हॉस्पिटल, दिल्ली भेजा जाएगा।
समन्वित प्रयासों से लगा शिविर
शिविर का आयोजन राज कृष्ण तन्खा फाउंडेशन, डॉ. श्रॉफ चेरिटेबल आई हॉस्पिटल, दिल्ली तथा सामाजिक न्याय विभाग के जॉइंट डायरेक्टर आशीष दीक्षित के सहयोग से किया गया। इस आयोजन में शिव शंकर कपूर, बलदीप मैनी और अनिल मिश्रा के विशेष प्रयास रहे। शिविर का संचालन बलदीप मैनी और अनिल मिश्रा द्वारा किया गया।
बच्चों को चॉकलेट भेंट कर बढ़ाया उत्साह
आगामी होली पर्व के उपलक्ष्य में बलदीप मैनी द्वारा दृष्टिबाधित बच्चों को चॉकलेट के पैकेट भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान डॉ. रक्षित अग्रवाल का स्वागत संस्था के प्राचार्य द्वारा किया गया।
अधिकारियों और स्टाफ का मिला सहयोग
इस अवसर पर एयर कमोडर एच.एस. मैनी, गुरनाम सिंह पाल, दृष्टिबाधित उच्च्तर विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।