
जबलपुर। मतदाता सूची और चुनावी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन ने जबलपुर में प्रदर्शन किया। गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ का नारा देते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर नारेबाजी भी की गई।
टाउन हॉल से शुरू हुआ पैदल मार्च
कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पैदल रवाना हुए। मार्च तुलाराम चौक, अंधेरदेव, बड़ा फवारा, घमंडी चौक और सुपर मार्केट से होकर मालवीय चौक पहुंचा। यहां नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे और तख्तियां ले रखी थीं। मार्च के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतलों का दहन भी किया गया।
चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
मालवीय चौक पर हुई सभा में नेताओं ने मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता का मुद्दा उठाया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होना जरूरी है। मतदाता सूची में नाम, संशोधन या अन्य किसी तरह की समस्या सामने आने पर उसका पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक के लिए समान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच जाकर मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
महंगाई-बेरोजगारी का भी मुद्दा
सभा में महंगाई और बेरोजगारी के साथ किसानों तथा युवाओं से जुड़े विषयों पर भी सरकार को घेरा गया। नेताओं ने कहा कि जनता की रोजमर्रा की समस्याओं को राजनीतिक और लोकतांत्रिक मंचों पर लगातार उठाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।
ये रहे शामिल
कार्यक्रम में कांग्रेस शहर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, लखन घनघोरिया, तरुण भनोट, दिनेश यादव, अमरीश मिश्रा, चिंटू चौकसे, गीता तिवारी, इंडिया गठबंधन संयोजक रामरतन यादव, नोके लाल प्रजापति, अरविंद श्रीवास्तव, रामनारायण कुरीतिया, रोहित यादव, गया प्रसाद कुशवाहा, भावना दीक्षित, मधु चौधरी, रजनीश दुबे, घनश्याम यादव, इंद्र कुमार कुलस्ते, नेम सिंह मरकाम, राजकुमारी बंसल, मेहंदी हुसैन, अमित पांडे, अजय झरिया, आरिफ बेग, रितेश गुप्ता, अतुल बाजपेई, मनीष चंसोरिया, सरबजीत रील और संगीता सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।