
दमोह। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में मंगलवार को व्यारमा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे नदी के दोनों ओर बसे कई गांवों में पानी भर गया। यह नदी तेंदूखेड़ा ब्लॉक और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के बीच से होकर गुजरती है। जंगली क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण नदी में तेज बहाव आ गया।
एसडीआरएफ की टीम ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों की बचाई जान
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को रेस्क्यू कार्य में लगाया गया। टीम ने बमोहरी मॉल गांव में फंसी गर्भवती महिला विनीता पति वीरेंद्र रैकवार को सुरक्षित निकाला। इस दौरान तेज बहाव में नाला टूट चुका था। तेंदूखेड़ा एसडीएम सौरभ गंधर्व, जनपद सीईओ मनीष बागरी और एसडीओपी ने मौके पर पहुंचकर 108 एम्बुलेंस के जरिए महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
आदिवासी दंपत्ति को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित पहुंचाया गया
तारादेही थाना अंतर्गत ग्राम जैतगढ़ में एक आदिवासी दंपत्ति कौशल गौड़ और उनकी पत्नी आशारानी खेत में बनी झोपड़ी में पानी के बीच फंसे हुए थे। एसडीआरएफ टीम प्रभारी प्राची दुबे के नेतृत्व में रेस्क्यू कर दोनों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया।

सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद, गांवों का संपर्क टूटा
तेज बहाव के कारण ग्राम खमतरा, बिल्तरा, सारसबगली और दूसरी ओर बमोहरी, कोटखेड़ा, कोसमदा, तारादेही जैसे गांवों में पानी भर गया। हजारों एकड़ की फसल नष्ट हो गई। झमरा सरपंच युगराज यादव, दरौली सरपंच डाल सिंह और पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन बड़कुल ने बताया कि वर्षों बाद व्यारमा नदी का इतना रौद्र रूप देखा गया है।
प्रशासन सतर्क, स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित
कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि प्रशासन संकट की इस घड़ी में हर नागरिक के संपर्क में है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी, नाले, रपटे या पुल को पार करने से बचें। तेंदूखेड़ा क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों—विद्यालय, महाविद्यालय, आंगनबाड़ी, आईटीआई आदि में एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।
आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील
प्रशासन ने आमजन से आग्रह किया है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। नदी-नालों में तेज बहाव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
व्यारमा नदी के पुल में दरार, दमोह-हटा-पन्ना मार्ग बंद
दमोह कलेक्टर ने पुल की खराब स्थिति को देखते हुए इसे तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए हैं। पुल की मौजूदा हालत को लेकर प्रशासन ने जांच के बाद पाया कि यह अब किसी भी भारी या हल्के वाहन के लिए सुरक्षित नहीं है।

पुलिस ने लगाए बैरीकेड, यातायात पर रोक
कलेक्टर के आदेश के बाद गैसाबाद पुलिस ने पुल पर बैरीकेड लगाकर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया है। यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से उठाया गया है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
रिपोर्ट: कैलाश दुबे