
जबलपुर। ब्रह्मलीन महंत श्री अमरपुरी महाराज सेवा मंडल (पंजी.) के तत्वावधान में, वर्ष 2004 से निरंतर आयोजित हो रही श्री अमरनाथ यात्रा के 21वें पवित्र जत्थे ने इस वर्ष भी श्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर जबलपुर का गौरव बढ़ाया।
यह धार्मिक जत्था 8 जुलाई 2025, मंगलवार प्रातः 6:00 बजे जम्मूतवी मेल द्वारा जबलपुर से रवाना हुआ, जो 9 जुलाई को जम्मू, एवं 10 जुलाई को श्रीनगर स्थित आर्मी बेस कैंप में रात्रि विश्राम करते हुए, 11 जुलाई को प्रातः बालटाल बेस कैंप पहुंचा। जत्थे में कुल 125 श्रद्धालु (80 पुरुष एवं 45 महिलाएं) सम्मिलित थे।
सभी श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा का पावन जल एवं त्रिशूल लेकर बालटाल मार्ग से लगभग 16 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर 11 जुलाई को सायं 4:00 बजे पवित्र गुफा में प्रवेश किया। इस दौरान उन्होंने पहाड़ी रास्तों, तीव्र ढलानों, बर्फीली हवाओं एवं धूलभरे बवंडरों को पार कर बाबा बर्फानी के पावन धाम में माँ नर्मदा का जल अर्पित किया, त्रिशूल चढ़ाया एवं दिव्य दर्शन प्राप्त किए।
इस पवित्र यात्रा का नेतृत्व सेवा मंडल अध्यक्ष श्री राजकुमार सिंहरहा ने किया। मुकेश कुमार सोनी एवं बृजेश कुमार शर्मा प्रमुख सेवादार के रूप में संपूर्ण यात्रा में सेवा में संलग्न रहे।
जत्थे में सुनील पटेल, आशीष चौबे, सुमित चौहान, सावित्री अहीरवार,नेहा दुबे, कमला पटेल, राजेश गुप्ता, बी .एन प्रजापति(DSP),वीरेंद्र गुर्जर,श्वेता सोनी,चंद्रकला सोनी,सारिका गुप्ता ,निशा पराशर,अनुज गोस्वामी,राहुल श्रीवास्तव सहित जबलपुर क्षेत्र के कुल 125 शिवभक्तों ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
यह पावन यात्रा राष्ट्र की शांति, सौहार्द एवं जनकल्याण की कामना करते हुए मां नर्मदा के पावन जल को बाबा अमरनाथ को समर्पित करते हुए संपन्न हुई।