जबलपुर में लाइन खींचते समय झुके 11 केवी के दो पोल, कर्मचारी बाल-बाल बचा

जबलपुर। त्योहारों से पहले शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे सुधार कार्य के दौरान शनिवार को मिलौनीगंज के गुड़हाई तिराहे पर अचानक अफरा-तफरी मच गई। 11 केवी विद्युत लाइन को व्यवस्थित करने के लिए लाइन खींचने का काम चल रहा था। इसी दौरान खिंचाव के चलते दो बिजली के पोल तिरछे हो गए। पोलों के असंतुलित होने से मौके पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।घटना के वक्त बिजली विभाग का एक कर्मचारी 11 केवी लाइन से संबंधित काम कर रहा था। पोल को तेजी से झुकता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर कर्मचारी को नीचे आने के लिए सचेत किया। कर्मचारी ने तत्काल नीचे उतरकर खुद को सुरक्षित किया। इससे व्यस्त बाजार क्षेत्र में संभावित हादसा टल गया।

इमारत की ओर झुका पोल, तारों में हुई हलचल

जानकारी के अनुसार, लाइन खींचने के दौरान एक पोल का संतुलन बिगड़ गया और वह पास की इमारत की ओर झुक गया। इसके साथ ही दूसरा पोल भी तिरछा हो गया। विद्युत तारों में स्पार्किंग होने से आसपास के दुकानदार और राहगीर सतर्क हो गए। लोगों ने कुछ समय के लिए घटनास्थल के आसपास आवाजाही नियंत्रित करने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुड़हाई तिराहा काफी व्यस्त इलाका है। यहां दिनभर बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में विद्युत कार्य के दौरान पोलों के झुकने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी। स्थानीय लोगों ने पुराने विद्युत पोलों की जांच कराने और जरूरत के अनुसार उन्हें बदलने की मांग की है।

त्योहार से पहले व्यवस्था सुधारने में जुटा विभाग

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री, नगर संभाग पश्चिम, आशुतोष ओझा ने बताया कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में बिजली की लाइनों को दुरुस्त करने और आवश्यक सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिलौनीगंज में 11 केवी लाइन खींचते समय दो पोल तिरछे हो गए थे।

उन्होंने बताया कि दोनों पोलों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आवश्यक सुधार कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी परेशानी से बचाने के लिए पहले से जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करना है।

व्यस्त बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था की मांग

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि व्यस्त बाजार क्षेत्रों में विद्युत लाइनों और पोलों की नियमित जांच कराई जाए। साथ ही विद्युत कार्य के दौरान सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्मचारियों के साथ-साथ राहगीरों और दुकानदारों की सुरक्षा भी बनी रहे और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

Back to top button