हिंदी लैंग्वेज के पेपर पर विवाद, छात्रों ने किया परीक्षा का बहिष्कार

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय शिक्षण संस्थान में गुरुवार को बीए एलएलबी चौथे सेमेस्टर की हिंदी लैंग्वेज परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि पेपर में ऐसे प्रश्न शामिल किए गए थे, जो उनके निर्धारित पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं थे। इसे लेकर कई छात्रों ने परीक्षा देने से इनकार कर दिया।

परीक्षा कक्ष में प्रश्नपत्र बांटे जाने के बाद विद्यार्थियों ने उसमें शामिल कुछ सवालों पर आपत्ति जताई। छात्रों ने पर्यवेक्षकों से प्रश्नों के सिलेबस में होने को लेकर जानकारी मांगी, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बाद उन्होंने परीक्षा छोड़ने का फैसला लिया। इसके बाद छात्र समूह के रूप में विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत लेकर पहुंचे।

छात्रों ने कुलगुरु कार्यालय के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। विद्यार्थियों का कहना था कि उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर परीक्षा की तैयारी की थी। ऐसे में पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे जाने से उन्हें परीक्षा में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

विद्यार्थियों ने मांग की कि प्रश्नपत्र की जांच कराई जाए और यदि उसमें पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न शामिल पाए जाते हैं तो परीक्षा परिणाम को प्रभावित होने से बचाने के लिए छात्रों के हित में उचित निर्णय लिया जाए। छात्रों ने यह भी कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने से पहले उसकी विषय विशेषज्ञों से पर्याप्त जांच कराई जानी चाहिए।

परीक्षा नियंत्रक ने जांच का भरोसा दिया

मामले में परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुनील दुबे ने बताया कि विद्यार्थियों की ओर से प्रश्नपत्र में निर्धारित पाठ्यक्रम से अलग प्रश्न होने की शिकायत सामने आई है। विश्वविद्यालय स्तर पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा।