
जबलपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में ‘भारतीय दर्शन’ विषय पर युवा संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, जीवन-मूल्यों और दर्शन की समृद्ध विरासत से परिचित कराया गया। इसी अवसर पर पौधारोपण और रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक अशोक रोहाणी, मुख्य वक्ता बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर के पूज्य ज्ञाननयन स्वामी तथा विशिष्ट अतिथि नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, प्रो. अरुण शुक्ल और जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आशीष राव रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने की। सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
ज्ञान के साथ संस्कार और अधिकार के साथ कर्तव्य
मुख्य वक्ता पूज्य ज्ञाननयन स्वामी ने कहा कि भारतीय दर्शन केवल सैद्धांतिक चिंतन नहीं है, बल्कि जीवन को समग्रता से देखने की दृष्टि है। भारतीय ज्ञान परंपरा में निहित संस्कार, नैतिक मूल्य, कर्तव्यबोध और जीवन-दृष्टि व्यक्ति के चरित्र निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के संदर्भ में भारतीय ज्ञान परंपरा की उपयोगिता महत्वपूर्ण है। युवाओं को ज्ञान के साथ मूल्य, कौशल के साथ संस्कार तथा अधिकार के साथ कर्तव्य को भी आत्मसात करना चाहिए।
मुख्य अतिथि अशोक रोहाणी ने भारतीय ज्ञान परंपरा की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अपनी संस्कृति, संस्कार और ज्ञान-विरासत से जुड़ने का आह्वान किया। युवा संवाद में विद्यार्थियों ने भारतीय दर्शन और ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की और वक्ता के साथ विचार-विमर्श किया।
मंत्री राकेश सिंह ने किया पौधारोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शामिल हुए। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
युवाओं ने किया रक्तदान
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और सक्षम के संयुक्त तत्वावधान तथा विक्टोरिया अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया। बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर सामाजिक सेवा और उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आशीष राव, संदीप जैन, संदीप रजक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी भारतीय ज्ञान परंपरा
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का मूल भाव ज्ञान को केवल बौद्धिक उपलब्धि तक सीमित न रखकर उसे सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ना है। युवा पीढ़ी तक भारतीय जीवन-दृष्टि और उसके मूल्यों को पहुंचाना राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
मंच संचालन मलय वर्मा ने किया। कार्यक्रम संयोजक एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. ममता गुप्ता सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, अतिथि विद्वान, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।