
जबलपुर। शासकीय मोहनलाल हरगोविंददास गृह विज्ञान एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय, नेपियर टाउन में राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ी छात्राओं के लिए विशेष उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को एनएसएस की गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े दायित्वों की जानकारी देना रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. समीर कुमार शुक्ल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक एवं उप कार्यक्रम सलाहकार डॉ. अशोक कुमार श्रोती मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शोभा राम मेहरा और भूगोल फैकल्टी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, ओपन यूनिट डॉ. देवांशु गौतम ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।
समाज की जरूरतों को समझने और जनहित में योगदान का संदेश
डॉ. श्रोती ने छात्राओं को एनएसएस की गतिविधियों से जुड़कर समाज की वास्तविक जरूरतों को समझने और जनहित के कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सेवा कार्यों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एनएसएस क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र
आयोजन के दौरान एनएसएस क्विज में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान को भी प्रमुखता दी गई। इस अवसर पर छात्राओं और एनएसएस सदस्यों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ ली।
एनएसएस छात्राओं ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रीना भैरम ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रश्मि पटेल एवं श्रीमती शक्ति शुक्ला का सहयोग रहा। कार्यक्रम में एनएसएस की छात्राओं ने सक्रियता और उत्साह के साथ भाग लिया।