फेडरेशन ने केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे से एमएसएमई नीति एवं ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस पर की चर्चा

मध्यप्रदेश में उद्योग-व्यापार विस्तार, निवेश, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के मुद्दों पर प्रतिनिधिमंडल ने रखे सुझाव

जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में केंद्रीय एमएसएमई एवं श्रम तथा रोजगार राज्यमंत्री श्रीमती शोभा करंदलाजे से भेंट की। इस दौरान एमएसएमई नीतियों सहित प्रदेश में उद्योग और व्यापार के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

एमएसएमई क्षेत्र के विकास और नीति निर्माण पर चर्चा

बैठक के दौरान मध्यप्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के विकास, नीति निर्माण, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, रोजगार सृजन, निवेश की संभावनाओं तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सरल और पारदर्शी प्रक्रियाओं पर दिया जोर

फेडरेशन अध्यक्ष हिमांशु खरे ने मध्यप्रदेश के औद्योगिक एवं व्यापारिक परिदृश्य की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में एमएसएमई एवं उद्योग क्षेत्र के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई इकाइयों के लिए अनुकूल नीतियां, सरल एवं पारदर्शी प्रक्रियाएं तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की बेहतर व्यवस्था, उद्यमों के विकास और नए निवेश को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

बाजार, तकनीक और वित्तीय सुविधाओं की जरूरत

उन्होंने कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्यमों को बेहतर बाजार, तकनीक, वित्तीय सुविधाएं एवं नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी अनुमतियों, पंजीयन, लाइसेंस एवं विभिन्न अनुपालनों की प्रक्रियाओं को सरल और समयबद्ध बनाना आवश्यक है। इससे मौजूदा एमएसएमई इकाइयों के विस्तार के साथ नए उद्यमों की स्थापना को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उद्योग व्यापार सम्मेलन में शामिल होने का आग्रह

फेडरेशन अध्यक्ष ने इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री को फेडरेशन द्वारा प्रस्तावित आयोजन ‘विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन’ में बतौर अतिथि सम्मिलित होने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल

फेडरेशन प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष हिमांशु खरे, उपाध्यक्ष जयदेव ताम्रकर एवं सचिव प्रवीण आचार्य शामिल थे।