
जबलपुर। शिक्षा व्यवस्था में आए बदलाव, मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों को विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के जरिए सामने रखा। जिला कांग्रेस कमेटी, शहर जबलपुर द्वारा ‘भारतीय शिक्षा व्यवस्था : अतीत, वर्तमान एवं भविष्य’ विषय पर आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का रविवार को मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मान किया गया।
विद्यार्थियों ने रचनात्मकता से रखे विचार
प्रतियोगिता में शहर के अलग-अलग विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा और प्रोत्साहन मिले तो वे भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नए विचारों और रचनात्मक सोच को विकसित करने का भी आह्वान किया।

शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
जिला कांग्रेस कमेटी शहर जबलपुर के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा व्यवस्था पर अपने विचार अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों की रचनाओं में शिक्षा के पुराने स्वरूप से लेकर वर्तमान व्यवस्था की चुनौतियों और आने वाले समय की संभावनाओं तक विभिन्न पहलुओं को स्थान मिला। तकनीकी शिक्षा, रोजगार से जुड़ी पढ़ाई, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी के लिए समान अवसर जैसे मुद्दे भी प्रमुख रहे।
इन विद्यार्थियों ने हासिल किए पुरस्कार
निबंध प्रतियोगिता के कक्षा 9वीं से 12वीं वर्ग में सानिया नामदेव (कक्षा 11, जैन कन्या शाला) प्रथम रहीं। उन्हें लैपटॉप प्रदान किया गया। गुंजन चंदेल (कक्षा 11, केंद्रीय विद्यालय) ने दूसरा स्थान हासिल किया और उन्हें मोबाइल फोन दिया गया। वहीं ऋषिका चौधरी (कक्षा 9वीं, गुरु गोविंद सिंह विद्यालय) तृतीय रहीं, जिन्हें टैबलेट प्रदान किया गया।
कक्षा 6वीं से 8वीं वर्ग में शबनम आफरीन (ब्लेसिंग किड्स), प्रेमचंद प्रजापति (नवीन विद्या भवन), तृषा जायसवाल (सनातन पब्लिक स्कूल) और अपूर्वा चंदेल (केंद्रीय विद्यालय) को पुरस्कृत किया गया। अपूर्वा चंदेल को साइकिल दी गई।
चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता भी सम्मानित
चित्रकला प्रतियोगिता में ओजस्विनी रैकवार, कार्तिक रावत, उत्सवी पाण्डेय, जूही यादव और मुस्कान वंशकार को स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान प्रदान किया गया।