
पन्ना। महामति श्री प्राणनाथ जी के प्रकटन उत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को नगरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशाल मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे श्री प्राणनाथ चौक से शुरू हुई मैराथन को पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। युवाओं, युवतियों और बच्चों ने उत्साह के साथ दौड़ में भाग लिया।
निर्धारित मार्ग पर दौड़े प्रतिभागी
मैराथन श्री प्राणनाथ चौक से अजयगढ़ चौराहा, बड़ा बाजार, बलदेवजी मंदिर, छत्रसाल पार्क और गांधी चौक होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया। डायमंड फिजिकल एकेडमी के बच्चों ने भी बड़ी संख्या में मैराथन में सहभागिता की।
अमन यादव और समिधा रैकवार ने मारी बाजी
श्री प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान अमन यादव, द्वितीय मोहित अहिरवार और तृतीय स्थान कपिल ने प्राप्त किया। महिला वर्ग में समिधा रैकवार प्रथम, सुमन अहिरवार द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मैराथन में शामिल करीब 150 प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
धामी ब्रदर्स ने किया आयोजन
मैराथन का आयोजन धामी ब्रदर्स द्वारा किया गया, जबकि श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट संरक्षक रहा। कार्यक्रम में ट्रस्ट उपाध्यक्ष डीके दुबे, सचिव प्रेम किशोर शर्मा, ट्रस्टी प्रेम कुमार शर्मा, चिदानंद शर्मा, अनिल धामी, नरेंद्र धामी, राजेश कुमार शर्मा, दीप राज शर्मा, प्रबंधक आशीष शर्मा, पूर्व न्यासी राकेश कुमार शर्मा, दिनेश कुमार शर्मा, गोपाल शर्मा, भाजपा नेता अल्पेश शर्मा सहित धामी समाज के लोग मौजूद रहे।
अल्पाहार के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
-राकेश कुमार शर्मा, पन्ना