
जबलपुर। श्री गोविंदगंज रामलीला समिति का 162वां श्रीमुकुट पूजन चल समारोह धूमधाम से निकाला गया। इससे पूर्व रामलीला भवन में व्यास पं. वासुदेव शास्त्री के निर्देशन में विद्वान ब्राह्मणों ने श्री मुकुटों का विधि-विधान से पूजन किया। भगवान श्रीगणेश, राम-सीता, लक्ष्मण-भरत-शत्रुघ्न, अंजनी किशोर हनुमान और माता गौरी के स्वर्णजड़ित मुकुटों की प्राणप्रतिष्ठा कराई गई।
शाम को पूर्व महापौर प्रभात साहू ने भी श्री मुकुटों का पूजन किया और भगवा ध्वज दिखाकर चल समारोह को रवाना किया। पूजन के उपरांत श्री साहू ने कहा कि गोविंदगंज रामलीला के श्री मुकुटों का दर्शन करना भाग्य की बात है। यहां के मुकुटों में भगवान का वास है। इनके दर्शन से अंतरमन में शांति प्रकट होती है।
इन मार्गों से निकला मुकुट पूजन जुलूस
मुकुट पूजन जुलूस रामलीला भवन से प्रारंभ होकर गुड़हाई, कोतवाली, कमानिया, फुहारा, बड़े महावीर, निवाड़गंज, पांडे चौक, बल्देवबाग, चेरीताल, दमोहनाका होते हुए वापस रामलीला प्रांगण में पहुंचा।
मुकुट पूजन जुलूस में अध्यक्ष अनिल तिवारी, संरक्षक राकेश पाठक, अरुण दुबे, राजकुमार गुप्ता सहित मांगू गोयल, मनीष पाठक, शहर के गणमान्य नागरिक, सभी पदाधिकारी और पात्र जगत शामिल थे। रामलीला जुलूस का जगह-जगह स्वागत किया गया। जुलूस में साधु मंडली, भजन मंडली, बैंड-धमाल आदि माहौल को धर्ममय बना रहे थे।
आज प्रभु श्रीराम का जन्म
गोविंदगंज रामलीला के भव्य मंच पर आज सोमवार 5 अक्टूबर को रात्रि 9 बजे से श्री नारद मोह की लीला के साथ रामलीला के मंचन का अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। नारद मोह, कामदेव चरित्र, मोहिनी स्वयंवर के बाद श्रीराम का जन्म होगा, जिसे उत्सव की तर्ज पर मनाया जाएगा। चारों भाइयों के जन्म पर मंगल गान, प्रसाद वितरण सहित कई आयोजन होंगे।
अध्यक्ष श्री तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं से भगवान की लीला का दर्शन लाभ लेने की अपील की है।