दुर्गा पंडालों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, 24 घंटे तैनात रहेंगे वालंटियर

खमरिया में शांति समिति की बैठक में निर्देश, CCTV जरूरी; डीजे पर पूरी तरह रोक

जबलपुर। नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडालों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस ने उत्सव समितियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। खमरिया थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में पुलिस अधिकारियों ने समितियों के पदाधिकारियों को सुरक्षा से लेकर ध्वनि और स्वच्छता व्यवस्था तक के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

सीएसपी सतीश कुमार साहू और थाना प्रभारी राजकुमार खटीक की मौजूदगी में हुई बैठक में कहा गया कि प्रत्येक दुर्गा पंडाल में निगरानी के लिए वालंटियर की व्यवस्था की जाए। यह व्यवस्था केवल आयोजन के समय ही नहीं, बल्कि 24 घंटे बनी रहनी चाहिए। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी सुरक्षा व्यवस्था का आवश्यक हिस्सा बताया गया।

डीजे बजाया तो होगी कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि के दौरान डीजे का संचालन नहीं किया जा सकेगा। वहीं साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी समितियों को निर्धारित सीमा का पालन करना होगा। दो से अधिक साउंड बॉक्स लगाए जाने पर समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

भंडारे के दौरान सफाई की जिम्मेदारी समिति की

दुर्गा पंडालों में होने वाले भंडारे और अन्य आयोजनों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। समितियों को पंडाल परिसर में पर्याप्त डस्टबिन रखने तथा कार्यक्रम के बाद कचरे का उचित निपटारा करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए समितियां सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारी रखें। नियमों का पालन होने से पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सकेगा।