
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। बुंदेलखंड की लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अनन्य प्रेम का प्रतीक दिवारी नृत्य दीपावली के दूसरे दिन पन्ना में पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ देखने को मिला। लगभग 300 वर्षों से चली आ रही इस अनूठी परंपरा का निर्वहन करने के लिए समूचे बुंदेलखंड के ग्रामीण अंचलों से सैकड़ों ग्वालों की टोलियां पन्ना पहुंचीं। विशेष वेशभूषा, सिर पर मोर पंख और हाथों में मोर पंखों के गुच्छे लिए इन ग्वालों ने नगर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध मंदिरों में माथा टेककर दिवारी नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। नगड़ियों, ढोलक और मंजीरों की गूंज से समूचा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

मंदिरों में गूंजे दिवारी के पारंपरिक स्वर
दीपावली के दूसरे दिन परेवा की सुबह से ही श्री जुगल किशोर जी मंदिर और श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर सहित नगर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दिवारी नृत्य करने वाले ग्वालों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अलावा मध्यप्रदेश के छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़ तथा पन्ना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्वालों के दल यहां पहुंचे। रात्रि से ही आने वाली टोलियों ने सुबह होते ही मंदिर परिसरों में अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियां शुरू कर दीं, जो दिनभर चलती रहीं।
ग्वालों की टोलियों ने श्री जुगल किशोर जी, श्री प्राणनाथ जी, श्री बलदाऊ जी, श्रीराम जानकी और श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए तथा नगड़िया, ढोलक और मंजीरों की विशेष धुन पर दिवारी नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान लाठी संचालन और विभिन्न रोमांचकारी पारंपरिक करतब आकर्षण का केंद्र रहे। इन अद्भुत प्रस्तुतियों को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी मंदिर परिसरों में एकत्रित हुए।
भगवान श्रीकृष्ण को बालसखा मानते हैं ग्वाले
दिवारी नृत्य केवल लोकनृत्य नहीं, बल्कि ग्वाल समाज की भगवान श्रीकृष्ण के प्रति गहरी आत्मीयता और भक्ति का प्रतीक है। दिवारी प्रस्तुत करने वाले ग्वाले भगवान श्रीकृष्ण को अपना बालसखा मानते हैं। इसी सखा भाव के साथ वे पन्ना की तपोभूमि में पहुंचकर मंदिरों में दर्शन करते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ नृत्य करते हैं। मान्यता और भावनात्मक अनुभूति के अनुसार, नृत्य के दौरान उन्हें ऐसा अनुभव होता है मानो स्वयं बालसखा श्रीकृष्ण उनके साथ नृत्य कर रहे हों।
इन टोलियों में शामिल मौनी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहते हैं। मौनी सिर पर मोर पंख धारण करते हैं, कमर में घुंघरुओं की पेटी बांधते हैं और हाथों में मोर पंखों का बड़ा गुच्छा लेकर लयबद्ध ढंग से नृत्य करते हैं। कुछ मौनी कठिन मौन व्रत का पालन करते हुए इस परंपरा में शामिल होते हैं। कई टोलियां वर्षों से लगातार पन्ना आकर अपनी परंपरा का निर्वहन कर रही हैं।
लोकसंस्कृति और आस्था का अनूठा संगम
बुंदेलखंड में दिवारी नृत्य दीपावली के अवसर पर गांव-गांव में आयोजित होने वाली प्राचीन लोकपरंपरा है। ग्वाल-बालों के इस नृत्य में शौर्य, उल्लास, भक्ति और सामूहिकता का अद्भुत संगम दिखाई देता है। पन्ना में इस परंपरा का विशेष महत्व है। यहां स्थानीय श्रद्धालु भी ग्वालों की प्रस्तुतियों से भावविभोर होकर उनके साथ नृत्य में शामिल हो जाते हैं। यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था को अभिव्यक्त करती है, बल्कि बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवंत बनाए रखने का माध्यम भी है।
श्री प्राणनाथ मंदिर में अन्नकूट महोत्सव
दीपावली के दूसरे दिन परेवा की दोपहर श्री प्राणनाथ जी मंदिर में पारंपरिक अन्नकूट उत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को विधिवत महाप्रसाद वितरित किया गया। दिवारी नृत्य की भक्तिमय धूम और अन्नकूट महोत्सव ने पन्ना की दीपावली को धार्मिक आस्था, लोकपरंपरा और सांस्कृतिक उल्लास का अनुपम स्वरूप प्रदान किया।