
जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्देशों के परिपालन में मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने नरसिंहपुर जिले में अति उच्च दाब (ईएचटी) ट्रांसमिशन लाइनों के प्रतिबंधित सुरक्षा कॉरिडोर में हुए निर्माणों के विरुद्ध विशेष जागरूकता एवं कार्रवाई अभियान शुरू किया है। उच्च न्यायालय ने अपने निर्देशों में प्रतिबंधित कॉरिडोर में निर्माण होने देने के मामले में संबंधित एजेंसियों की भूमिका का भी उल्लेख किया है। अभियान के तहत अब तक 51 असुरक्षित निर्माण चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
12 क्षेत्रों में चिन्हित हुए निर्माण
नरसिंहपुर क्षेत्र में 132 केवी नरसिंहपुर-श्रीनगर, नरसिंहपुर इंटरकनेक्टर, नरसिंहपुर-बरमान और नरसिंहपुर-गाडरवारा ट्रांसमिशन लाइनों के नीचे एवं आसपास ये निर्माण पाए गए हैं। इनमें यादव कॉलोनी में 15, वर्धमान सिटी में 13, गोकुल नगर में 6, सिमरिया रोड में 4, तिदनी रोड में 3, अवंती नगर, झरना रोड और कोदसा (करेली) में 2-2 तथा प्रताप नगर, गंगानगर, देवकछार रोड और कुंडी में एक-एक निर्माण शामिल हैं।
एमपी ट्रांसको ने संबंधित लोगों को अपने स्तर पर असुरक्षित निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
निर्धारित सुरक्षा दूरी का पालन जरूरी
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की गाइडलाइंस के अनुसार 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के दोनों ओर 27 मीटर और 220 केवी लाइन के दोनों ओर 35 मीटर का न्यूनतम सुरक्षा कॉरिडोर जरूरी है। इस क्षेत्र में निर्माण करना प्रतिबंधित है।
इन ट्रांसमिशन लाइनों में घरेलू बिजली की तुलना में लगभग 600 से 950 गुना अधिक वोल्टेज रहता है। ऐसे में तारों के संपर्क में आने या उनके अत्यधिक निकट पहुंचने से जानलेवा विद्युत दुर्घटना हो सकती है।
लगातार चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता आर.एस. पांडे और कार्यपालन अभियंता ए.पी.एस. चौहान के निर्देशन में नरसिंहपुर टीएलएम टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। सहायक अभियंता आशीष कुमार स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पब्लिक एड्रेस सिस्टम, व्यक्तिगत संपर्क और नोटिस के माध्यम से लोगों को सुरक्षा मानकों की जानकारी दे रहे हैं।
एमपी ट्रांसको की नागरिकों से अपील
एमपी ट्रांसको ने नागरिकों से अपील की है कि वे अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइनों के निर्धारित सुरक्षा कॉरिडोर में निर्माण न करें तथा पहले से निर्मित संरचनाओं के संबंध में जारी नोटिसों का पालन करें। संभावित विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा दूरी बनाए रखना जरूरी है।