
जबलपुर। देवप्रबोधिनी एकादशी एवं कार्तिक शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर श्री नृसिंह मंदिर, शास्त्री ब्रिज में तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। परम पूज्य श्रीमद् जगद्गुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम का पूजन-अर्चन कर विवाह संस्कार संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और मंगल गीतों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति ने विवाह समारोह में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पाणिग्रहण संस्कार, पांव पखराई सहित विवाह प्रसंग की विभिन्न रस्में परंपरानुसार पूरी की गईं।
षोडशोपचार विधि से हुआ पूजन
आयोजन के दौरान भगवान नरसिंह, भगवान शालिग्राम और तुलसी माता का षोडशोपचार वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता कर भगवान एवं तुलसी महारानी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर श्याम साहनी, शरद काबरा, राजेंद्र प्यासी, लोकराम कोरी, प्रकाश मिश्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।