काल भैरव जयंती 2026: 1 दिसंबर को पूजा, जानिए विधि और शुभ योग

अष्टमी तिथि पर होगी काल भैरव की पूजा, जानिए धार्मिक महत्व

जबलपुर। मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर काल भैरव जयंती मनाई जाती है। इसे कालाष्टमी, भैरव अष्टमी और महाकाल भैरव जयंती के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व है। वर्ष 2026 में काल भैरव जयंती 1 दिसंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन मंदिरों में भगवान शिव के काल भैरव स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि काल भैरव की उपासना से मृत्यु का भय दूर होता है और जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है।

30 नवंबर की मध्यरात्रि से शुरू होगी अष्टमी तिथि

ज्योतिषाचार्य पं. सौरभ दुबे ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार अष्टमी तिथि का प्रारंभ 30 नवंबर की रात 12 बजकर 11 मिनट पर होगा। इसका समापन 1 दिसंबर की रात 11 बजकर 13 मिनट पर होगा। उदया तिथि के अनुसार काल भैरव जयंती 1 दिसंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी।

कई शुभ योगों का संयोग

ज्योतिषाचार्य पं. सौरभ दुबे के अनुसार भैरव अष्टमी पर पद्म योग, ब्रह्म योग, शुक्ल योग और शंख योग का संयोग बन रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इन योगों में भगवान शिव के रौद्र स्वरूप काल भैरव की पूजा करने से साधक को शारीरिक और मानसिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। साथ ही सुख-समृद्धि की प्राप्ति और शत्रुओं पर विजय का आशीर्वाद मिलता है।

इस विधि से करें काल भैरव की पूजा

काल भैरव जयंती पर मंदिर में चौमुखी दीपक जलाकर भगवान काल भैरव की पूजा-अर्चना करनी चाहिए। घर में पूजा करने वाले श्रद्धालु काल भैरव की प्रतिमा के सामने फूल और अक्षत अर्पित करें। इसके बाद कालभैरव अष्टकम का पाठ और मंत्रों का जाप करें। भगवान को इमरती, पान और नारियल का भोग लगाया जा सकता है।

इस दिन कुत्तों को रोटी खिलाने की भी धार्मिक मान्यता है। ज्योतिषाचार्य पं. सौरभ दुबे के अनुसार काल भैरव की पूजा में तेल अर्पित करने से संबंधित परंपराओं का ध्यान रखना चाहिए।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई काल भैरव जयंती की तिथि, पूजा विधि, शुभ योग और धार्मिक मान्यताओं से संबंधित जानकारी हिंदू पंचांग, ज्योतिषीय परंपराओं एवं मान्यताओं पर आधारित है। पंचांग और पूजा के समय में स्थान के अनुसार अंतर हो सकता है। पाठकों से अनुरोध है कि पूजा-पाठ एवं शुभ मुहूर्त की पुष्टि अपने स्थानीय पंचांग या ज्योतिषाचार्य से अवश्य करें। लेख में वर्णित धार्मिक उपाय आस्था और परंपरा पर आधारित हैं। 

Back to top button