दमोह-पन्‍ना मार्ग में पुल जर्जर, आवागमन बंद, 8 किमी के लिए ग्रामीण लगा रहे 40 किमी का फेरा

व्‍यारमा नदी पुल की खराब हालत से ग्रामीणों को भारी असुविधा, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

दमोह/गैसाबाद। गैसाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यारमा पुल पर आवागमन अवरुद्ध होने से स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पुल की स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब प्रशासन के समक्ष पहुंच गया है। ग्रामीण जनों ने शुक्रवार को तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें पुल पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के सुचारू आवागमन की तत्काल मांग की गई।

व्‍यारमा नदी के पुल पर दो पहिया, चार पहिया वाहनों के चलने की अनुमति देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन।

महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के बंद होने से जीवन अस्त-व्यस्त

ग्रामीणों का कहना है कि व्यारमा पुल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। इस पुल के बंद होने से न केवल लोगों का रोज़मर्रा का आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पुल पर आवागमन बंद होने से लोगों को मडि़यादो, वर्धा होकर सिमरिया जाना पड़ रहा है, जिसमें ग्रामीणों को 40 किमी का अतिरिक्‍त फेरा लगाना पड़ रहा है।

मरम्मत कार्य अधूरा, वैकल्पिक मार्ग असुविधाजनक

मंडल अध्यक्ष गोपाल पटैल ने बताया कि पुल का मरम्मत कार्य अधूरा है या सुरक्षा कारणों से कलेक्टर ने आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे वाहनों का आना-जाना ठप पड़ा है। वैकल्पिक मार्ग या तो बहुत दूर हैं या कच्चे और खराब हालत में हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।

ग्रामीणों ने अस्थायी व्यवस्था की मांग रखी

वहीं लक्ष्मण तिवारी द्वारा जानकारी दी गई कि ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि या तो पुल की मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए या तत्काल अस्थायी व्यवस्था कर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए मार्ग खोला जाए, जिससे दैनिक जीवन सामान्य रूप से चलता रहे।

तहसीलदार ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

इसी सम्बंध में जब रणधीर दहिया से जानकारी ली तो बताया कि प्रशासन से उम्मीद है। हम लोगों ने तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है और तहसीलदार शिवराम चड़ार ने समस्या को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही उच्च अधिकारियों को प्रकरण भेजने का आश्वासन दिया है। साथ ही संबंधित विभाग से निरीक्षण कर रिपोर्ट मंगवाने की बात कही है।

ज्ञापन सौंपने में अनेक ग्रामीण रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने में बहादुर श्रीवास्तव, रजनीश तिवारी, भानु पटेल, मुकेश पटैल, मिथिलेश पटेल, सरूप पटेल, भगीरथ पटैल, गोविंद पटेल, गिरधारी पटैल सहित दर्ज़न भर ग्रामीण जनों की रही उपस्थित।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button