विद्युत परिवार मराठी मित्र मंडल द्वारा जबलपुर के श्री दत्त मंदिर में 1001 गणेश अथर्वशीर्ष आवर्तन

जबलपुर। धार्मिक भक्ति, सामूहिक श्रद्धा और संस्कृति के अद्भुत संगम का दृश्य आज जबलपुर के श्री दत्त मंदिर में देखने को मिला, जहां विद्युत परिवार मराठी मित्र मंडल द्वारा श्री गणेश अथर्वशीर्ष का 1001 बार सामूहिक पाठ (सहस्त्रावर्तन) भव्य रूप से संपन्न किया गया। इस विशेष आयोजन में मंडळ के अधिकांश सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे और पूरे श्रद्धा भाव से सहभागी बने।

कार्यक्रम का शुभारंभ मराठी के पारंपरिक ‘मनाचे श्लोक’ के सामूहिक पाठ से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके उपरांत श्री गणेश पूजन विधिवत पंचामृत से स्नान कराकर संपन्न हुआ। पूजन के पश्चात गणपति के प्रिय अथर्वशीर्ष का सामूहिक पाठ शुरू हुआ, जिसमें मंडळ के 50 सदस्यों ने 21-21 बार पाठ किया, इस प्रकार कुल 1001 आवर्तन पूर्ण किए गए। यह आयोजन गणेश भक्ति की गूंज से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं के मन में गहन आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

पाठ के समापन पर भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें पंडित वैभव वैद्य ने सभी भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। आरती के बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन की पूर्णता का आनंद उठाया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विवेक गायकी, निळकंठ टिकेकर, दिलीप खानविलकर, सुनील वझे और सुनील चौधरी सहित मंडळ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्याम कुलकर्णी ने अत्यंत सुचारु रूप से किया, जबकि अंत में आयोजन के संयोजक सतीश मोतीवाले ने सभी सहयोगियों, उपस्थित श्रद्धालुओं और मंदिर ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया।

इस प्रकार यह आयोजन न केवल गणेश भक्ति का अनुपम उदाहरण बना, बल्कि मराठी सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक साधना की एक प्रेरणादायी मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।

Back to top button