मप्र विधानसभा में गूंजा पुलिस भर्ती घोटाला, कांग्रेस विधायकों ने वर्दी पहनकर जताया विरोध

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा घोटाले को लेकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक पुलिस की प्रतीकात्मक वर्दी पहनकर विधानसभा पहुंचे और सरकार पर घोटाले के आरोप लगाए।

विधायकों ने आरोप लगाया कि हाल ही में आयोजित पुलिस कांस्टेबल भर्ती में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है। उनका कहना था कि पारदर्शिता के अभाव में चयन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं और इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों पर चुप बैठी है, जबकि युवाओं का भविष्य दांव पर है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित अभ्यर्थियों को न्याय मिले।

इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी भी की और पुलिस भर्ती घोटाले के खिलाफ पोस्टर व तख्तियां प्रदर्शित कीं। विपक्ष का कहना है कि यह मामला केवल परीक्षा प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सिस्टम की पारदर्शिता पर सवाल उठाता है।

फोटो: मप्र कांग्रेस

हमारी टीम इस खबर पर नजर बनाए हुए हैं। हम इसे लगातार अपडेट कर रहे हैं। जैसे-जैसे हमें जानकारी मिल रही है, हम इसमें अपडेट जोड़ रहे हैं। अपडेट के लिए हमसे जुड़ें रहें… rashtradrishti.com

Back to top button