
जबलपुर। आदर्श नगर स्थित इन्द्रआशा सेवा संस्थान में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान की संचालिका श्रीमती श्वेता अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने फैंसी ड्रेस और मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों की देशभक्ति और कृष्ण-राधा स्वरूप में की गई प्रस्तुतियां रहीं। नन्हें-मुन्नों ने कभी स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण कर आजादी के मतवालों की याद दिलाई, तो कभी कान्हा और गोपियों का वेश धारण कर जन्माष्टमी की मधुर छवियां प्रस्तुत कीं। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों के उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया।
निर्णायक मंडल में डॉ. नीलम अग्रवाल (प्राचार्य, महिला पॉलिटेक्निक जबलपुर), श्रीमती रीता क्षेत्रपाल (जनरल मैनेजर, मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी), श्रीमती आशा चड्डा और श्रीमती वर्षा गोलछा उपस्थित रहीं। सभी निर्णायकों ने बच्चों के उत्साह की सराहना की और विजेताओं को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. नीलम अग्रवाल ने कहा कि “ऐसे आयोजन बच्चों में न केवल देशभक्ति का भाव जागृत करते हैं, बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों का भी संचार करते हैं।” उन्होंने संस्थान की संचालिका को इस प्रेरणादायक पहल के लिए साधुवाद दिया।
प्रतियोगिता में कश्वी, ख्वाहिश, सुबीर, प्रायान, वीर, कृषा और रौनक सहित अनेक बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं।
आयोजन के सफल संचालन में शिक्षिका मोनिका ओबेरॉय, दिव्या ठाकुर, दिशा प्रिया, तथा अकादमी सहायक गोलू पटेल और राम ठाकुर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर स्वतंत्रता दिवस की स्मृति में सभी को मिष्ठान और स्वल्पाहार वितरित किया गया।