
जबलपुर। ललपुर रोड, गौरीघाट स्थित श्री सिद्ध रजत गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव का नवम दिवस श्रद्धा और भक्ति के बीच मनाया गया। इस अवसर पर रजत गणेश के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने गणेश जी के समक्ष मनोकामना पूर्ति हेतु अर्जी लगाई और विशेष पूजा-अर्चना की।
एक हजार अनारों से हुआ सहस्त्रार्चन
गुरुवार को विशेष अनुष्ठान में गणेश जी के एक हजार नामों का स्मरण करते हुए सहस्त्रार्चन किया गया। यह सहस्त्रार्चन श्री प्रकाश रानू कुशवाहा द्वारा एक हजार अनारों से सम्पन्न किया गया। इसके बाद भगवान गणेश का केसर जल से अभिषेक कर पूजन-अर्चन हुआ। पूरा मंदिर गणेश वंदना और मंत्रोच्चार से गूंज उठा।
स्वामी प्रमोद महाराज ने बताया गणपति की महिमा
पूजन से पहले संस्थापक महंत स्वामी प्रमोद महाराज ने श्रद्धालुओं को उद्बोधित करते हुए कहा कि “गणपति विश्व की आधार शक्ति हैं। यह आधार शक्ति वास्तु भेद से असंख्य और विविध रूपों में प्रकट होती है। गणपति के नाम, रूप, वर्ण, रंग, वस्त्र, आयुध, वाहन और कार्य अनंत और विविध हैं। जैसे पूर्णिमा का चंद्रमा शांत सागर को उर्मिल तरंगों से भर देता है, वैसे ही गजमुख गणेश अचानक ही शत्रुओं, कष्टों, बाधाओं और पाप का नाश कर देते हैं।”
सुनहरे वस्त्रों में सजी श्री गणेश प्रतिमा
आज के दिन गणेश जी का सुनहरे रंग के वस्त्रों से विशेष श्रृंगार किया गया। प्रतिमा का वैभवशाली रूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।
महाआरती और भंडारा प्रसाद
सांयकालीन समय में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। आस्था और भक्ति से परिपूर्ण इस अनुष्ठान के बाद भंडारा प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद वितरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मुख्य रूप से रहे उपस्थित
इस आयोजन में प्रमुख रूप से प्रकाश रानू कुशवाहा, उमंग अग्रवाल, राजेश यादव, सुधीर पटेल, नरेंद्र पटेल और सुमित कश्यप सहित कई भक्त उपस्थित रहे।